Himachal: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में पुलिस ने कथित ऑनलाइन सट्टेबाजी रैकेट के मामले में  6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 41 मोबाइल फोन और 7 लैपटॉप जब्त किए हैं। 

सट्टेबाजी रैकेट में पुलिस ने जब्त की 41 मोबाइल फोन और 7 लैपटॉप

इस मामले में पुलिस अधीक्षक (SP) कुलभूषण वर्मा ने बताया कि कांगड़ा पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के ज़रिए ऑनलाइन सट्टेबाजी रैकेट चलाने में कथित तौर पर शामिल होने के आरोप में छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि कांगड़ा के पास बिरता में एक घर पर रेड के दौरान 41 मोबाइल फोन और सात लैपटॉप ज़ब्त किए हैं।

ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म पर पुलिस ने की कार्रवाई

इस घटना की जानकारी देत हुए कांगड़ा के पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस ने 22 अक्टूबर को बिरता में एक घर की दूसरी मंज़िल पर संदिग्ध गतिविधियों के बारे में मिली संकेत के बाद एक टिप-ऑफ पर कार्रवाई की। जहाँ छह लोग कथित तौर पर ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म चला रहे थे और कई बैंक अकाउंट के ज़रिए यूज़र्स से पैसे इकट्ठा कर रहे थे। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए, एक पुलिस टीम ने जगह पर रेड मारी और वहाँ मौजूद छह लोगों से 41 मोबाइल फोन और सात लैपटॉप ज़ब्त किए।

UPI ID और QR कोड के जरिए बैंक अकाउंट किया खाली

इस घटना के संदर्भ में उन्होंने बताया कि  पूछताछ के दौरान, यह पता चला कि वे कथित तौर पर गेमिंग एप्लिकेशन के ज़रिए ऑनलाइन बेटिंग को बढ़ावा दे रहे थे और UPI ID और QR कोड से जुड़े अलग-अलग बैंक अकाउंट के ज़रिए देश भर के लोगों से पैसे ले रहे थे।  इन छह लोगों की पहचान कांगड़ा ज़िले के रहने वाले लवलेश (25) और सागर चौधरी (27); कांगड़ा के नगरोटा बगवां के रहने वाले आर्यन (20); और बिहार के रहने वाले मनोज कुमार मेहता (28), पंकज पंडित (31) और विवेक कुमार (27) के तौर पर हुई है। 

BNS की धारा 317(2), 317(5) और 318 की गई दर्ज

इस मामले में  इन आरोपियों के खिलाफ कांगड़ा पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2), 317(5) और 318 के तहत चोरी की संपत्ति और धोखाधड़ी से जुड़े अपराधों के लिए मामला दर्ज किया गया है। ज़ब्त किए गए मोबाइल फोन और लैपटॉप की जांच की जा रही है।