Delhi Model Murder Case: दिल्ली के तिलक नगर में 21 साल की छात्रा और मॉडल मुस्कान की घर में घुसकर चाकू मारकर हत्या से सनसनी फैल गई। बुधवार शाम हुई इस वारदात में पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है। मृतका के भाई ने दावा किया है कि आरोपी लगातार मुस्कान पर शादी का दबाव बना रहा था। जब उसने उससे दूरी बनानी शुरू की तो आरोपी नाराज हो गया और इसी वजह से उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए 15 से अधिक पुलिस टीमें लगाई गई हैं।
घर में घुसकर चाकू से हमला
पुलिस के मुताबिक, बुधवार शाम करीब 7:24 बजे युवती पर चाकू से हमला किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो परिजन मुस्कान को पहले ही जनकपुरी स्थित अमर लीला अस्पताल ले जा चुके थे। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतका के भाई के बयान के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
डेढ़ साल से आरोपी को जानती थी मुस्कान
मुस्कान के भाई ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन की इलाके में रहने वाले आकिब उर्फ इमरान से पहचान थी। बताया जा रहा है कि दोनों करीब डेढ़ साल से एक-दूसरे को जानते थे। आरोप है कि युवक मुस्कान पर शादी के लिए लगातार दबाव बना रहा था। मुस्कान उससे दूरी बनाना चाहती थी। इसी वजह से दोनों के बीच तनाव बढ़ गया था। पुलिस हत्या के पीछे इस कथित विवाद को भी अहम एंगल मानकर जांच कर रही है।
वारदात से पहले घर की ओर जाते दिखा आरोपी
जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिली है, जिसमें आरोपी को वारदात से पहले युवती के घर की तरफ जाते हुए देखा गया है। पुलिस आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपी के आने-जाने के पूरे रास्ते का पता लगाया जा सके। इसके साथ ही उसके मोबाइल फोन और संभावित ठिकानों की भी जांच की जा रही है।
क्राइम और फोरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
घटनास्थल पर पहुंची क्राइम और फोरेंसिक टीम ने बारीकी से जांच की और कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी किस तरह घर में दाखिल हुआ और वारदात के बाद किस रास्ते से फरार हुआ। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान हो चुकी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए 15 से ज्यादा टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
गिरफ्तारी के बाद खुलेगा हत्या का पूरा राज
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में घर के अंदर चाकू से हमला कर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। फिलहाल आरोपी फरार है। मृतका के भाई के आरोप और शुरुआती जांच के आधार पर शादी के लिए दबाव तथा युवती के दूरी बनाने को हत्या की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, हत्या की पूरी वजह और वारदात की परिस्थितियां आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।
और पढ़ें: मोहब्बत के रास्ते में बेटे को ही समझ बैठा दुश्मन, पिता ने गला रेता और सिर पर बरसा दिए लोढ़े के वार