Gonda News: उत्तर प्रदेश के गोंडा में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पर एक पिता ने अपने ही बेटे पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी पिता ने गहरी नींद में सो रहे बेटे का धारदार हथियार से गला रेत दिया। इसके बाद भी जब उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ तो सिर पर लोढ़े से कई वार कर उसे लहूलुहान कर दिया। गंभीर हालत में बेटे को गोंडा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। फिलहाल लखनऊ के अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है और हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है

कहां की है ये घटना?
दरअसल, ये घटना खोड़ारे थाना क्षेत्र के बनकटवा साबरपुर गांव की बताई जा रही है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी पिता नसरुल्लाह खान के तीन बेटे हैं। बताया जा रहा है कि उसका किसी महिला से कथित संबंध था। इसी बात को लेकर घर में अक्सर बेटों के साथ विवाद होता रहता था। परिजनों के अनुसार, मंगलवार देर रात नसरुल्लाह घर पहुंचा, खाना खाया और सोने चला गया। उसका मंझला बेटा तौफीक दूसरे कमरे में सो रहा था। आरोप है कि पिता ने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और इसके बाद अंदर पहुंचकर बेटे पर हमला कर दिया।

सोते हुए बेटे पर किया हमला
परिजनों का आरोप है कि नसरुल्लाह ने सो रहे तौफीक के गले पर धारदार हथियार से वार कर दिया। इसके बाद उसके सिर पर लोढ़े से कई बार हमला किया। हमले में तौफीक गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ हो गया। घटना की जानकारी होने के बाद परिजन आनन-फानन में उसे गोंडा मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया।

हमला करने के बाद नहाया, कपड़े बदले और फरार
आरोप है कि बेटे को मरणासन्न हालत में छोड़ने के बाद नसरुल्लाह ने घर के अंदर जाकर नहाया, कपड़े बदले और रात में ही फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की कार बरामद कर ली है। उसके घर पर पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि परिवार की सुरक्षा की जा सके। थानाध्यक्ष केजी राय के मुताबिक, घायल की बहन रेहाना खातून की तहरीर पर आरोपी पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं।

गोंडा में दूसरी घटना ने भी बढ़ाई चिंता
इसी रात गोंडा में एक और वारदात सामने आई। बाइक सवार दबंगों ने सड़क पर जा रहे एक अधेड़ को गोली मार दी। गोली उसके जांघ और बाइक की टंकी पर लगी। घायल को स्थानीय लोगों ने निजी वाहन से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने घायल की तहरीर पर पिता, उसके बेटे समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है। 

और पढ़ें: पहले शराब, फिर सिर पर वार और गड्ढे में दफनाया शव... फरीदाबाद में पत्नी-प्रेमी की खौफनाक साजिश