नई दिल्ली: दशहरा के अवसर पर दिल्ली में संभावित यातायात दबाव को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने मंगलवार 20 अक्तूबर को यात्रियों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है और पूरी राजधानी में सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं और घर से निकलने से पहले यातायात की स्थिति की जानकारी जरूर लें।

शाम 5 बजे से रात 8 बजे के बीच ट्रैफिक डायवर्जन लागू

इस एडवाइजरी में आने-जाने वालों को खास तौर पर पूर्वी दिल्ली में मुख्य सड़कों पर जाम और डायवर्जन की चेतावनी दी गई है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी की गई एडवाइजरी के अनुसार, दशहरा के अवसर के दौरान गाड़ियों और पैदल चलने वालों की भारी आवाजाही की उम्मीद के कारण, शाम 5 बजे से रात 8 बजे के बीच पूर्वी दिल्ली की मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा।

यातायात परिवर्तन से प्रभावित होने वाली प्रमुख सड़कें

दिल्ली ट्रैफिक एडवाइजरी के मुताबिक,20.10.2026 को दशहरा के दौरान राजधानी के कई हिस्सों में, खास तौर पर पूर्वी और पश्चिमी दिल्ली में, जहां धार्मिक कार्यक्रमों,रामलीला, रावण दहन और सार्वजनिक आयोजनों के कारण बड़ी संख्या में पैदल चलने वालों भक्तों की भीड़ होने की उम्मीद है। जिसके कारण ट्रैफिक जाम और गाड़ियों की धीमी गति से चलने की संभावना जताई जा रही है। यातायात परिवर्तन से प्रभावित होने वाली प्रमुख सड़कों में एनएच-24, विकास मार्ग, रोड नंबर 57, रोड नंबर 57ए और रोड नंबर 56 शामिल हैं।

43 जगहों पर रामलीला और 16 जगहों पर दुर्गा पूजा

दशहरा के दौरान धार्मिक कार्यक्रमों, रावण दहन और सार्वजनिक आयोजनों के कारण कई इलाकों में वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। ऐसे में यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर चलने और भीड़भाड़ वाले मार्गों पर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। दिल्ली पुलिस ने आम जनता को सलाह वे शाम के व्यस्त घंटों के दौरान पूर्वी दिल्ली में घूमने के लिए वैकल्पिक मार्गों की योजना बनाएं, नियमित आवागमन के लिए अतिरिक्त यात्रा समय दें और केवल आधिकारिक पार्किंग स्थलों में ही पार्क करें। साथ ही, यह भी कहा गया है कि सड़क के किनारे अवैध पार्किंग से सख्ती से नियमों का पालन कराया जाएगा। इस बीच दिल्ली पश्चिम जिला के DCP हरेश्वर वी स्वामी ने कहा कि, जिले भर के उत्सव स्थलों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। 43 स्थानों पर आयोजित हो रहे रामलीला कार्यक्रमों में पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि, "जिले में 43 जगहों पर रामलीला हो रही है और 16 जगहों पर दुर्गा पूजा मनाई जा रही है। पिछले नौ दिनों से इन सभी जगहों पर पुलिस वाले तैनात हैं और दशहरा के लिए भी बड़े इंतज़ाम किए गए हैं।