Himachal Pradesh: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश ड्रग्स कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन (DCA) को फार्मास्यूटिकल्स एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल ऑफ इंडिया (Pharmaxil) द्वारा अप्रीशीऐशन अवार्ड से सम्मानित किए जाने पर बधाई दी है। यह पुरस्कार सोमवार को नई दिल्ली में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित IPHEX-2026 के दौरान प्रदान किया गया। डीसीए को यह सम्मान राज्य में प्रभावी नियामक व्यवस्था, उद्योग सुविधा और फार्मास्यूटिकल्स के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों के लिए दिया गया है।
गुणवत्तापरक फार्मास्यूटिकल इकोसिस्टम पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मान हिमाचल प्रदेश सरकार की मजबूत नियामक व्यवस्था स्थापित करने और कारोबार में सुगमता को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गुणवत्तापरक तथा वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी फार्मास्यूटिकल इकोसिस्टम विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि फार्मास्यूटिकल क्षेत्र में गुणवत्ता और विश्वसनीयता अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। सरकार ने इस क्षेत्र में नैतिक मूल्यों से समझौता करने वालों के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई है। प्रभावी नियमन के माध्यम से न केवल दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा रही है, बल्कि उद्योग के लिए बेहतर और पारदर्शी कारोबारी वातावरण भी तैयार किया जा रहा है।
वैश्विक फार्मास्यूटिकल हब के रूप में पहचान मजबूत
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुरस्कार हिमाचल प्रदेश की नियामक उत्कृष्टता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। इससे देश और वैश्विक बाजारों की आवश्यकताओं को पूरा करने वाले एक विश्वसनीय फार्मास्यूटिकल हब के रूप में प्रदेश की स्थिति और मजबूत हुई है। उन्होंने डीसीए के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके समर्पण और पेशेवर कार्यप्रणाली का परिणाम है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया गौरव का विषय
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने भी इस सम्मान को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने प्रभावी औषधि नियमन सुनिश्चित करने के साथ-साथ फार्मास्यूटिकल उद्योग के विकास को सुगम बनाने में ड्रग्स कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन के अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की सराहना की।
ये भी पढ़ें: PM Modi: JNPT से सीधे जुड़ेगा माल ढुलाई नेटवर्क, WDFC के 3 सेक्शन PM मोदी ने किए देश को समर्पित
सामूहिक समर्पण का परिणाम
स्वास्थ्य सचिव आशीष सिंहमार ने पुरस्कार को हिमाचल प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए इसे डीसीए के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक समर्पण, प्रतिबद्धता और व्यावसायिक दक्षता को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि नियामक व्यवस्था और उद्योग के बीच बेहतर समन्वय से प्रदेश के फार्मास्यूटिकल क्षेत्र को नई मजबूती मिल रही है।
Reported By: एम अतहर उद्दीन मुन्ने भारती