एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2023-24 में 14 रजिस्टर्ड अनरिकग्नाइज्ड पॉलिटिकल पार्टियों (RUPPs) ने 20 हजार रुपये से अधिक के कुल 682.28 करोड़ रुपये के चंदे की जानकारी दी। इनमें से 99 फीसदी से ज्यादा रकम केवल 2 राजनीतिक दलों आम जनमत पार्टी और प्रबल भारत पार्टी ने घोषित की है।
दो पार्टियों को मिले 680 करोड़ रुपये से ज्यादा
ADR के अनुसार, 14 RUPPs में से 7 पार्टियां बिहार में रजिस्टर्ड हैं। बाकी दलों का पंजीकृत पता दिल्ली, मध्य प्रदेश, झारखंड और हरियाणा में है। इन सभी दलों ने मिलकर 20 हजार रुपये से अधिक के चंदे के तौर पर 682.28 करोड़ रुपये घोषित किए। बिहार की आम जनमत पार्टी और प्रबल भारत पार्टी ने कुल 680.655 करोड़ रुपये का चंदा घोषित किया। यह 14 RUPPs की कुल घोषित राशि का 99 फीसदी से अधिक है।
आम जनमत पार्टी को 640 करोड़ रुपये
आम जनमत पार्टी ने वित्त वर्ष 2023-24 में 640 करोड़ रुपये का चंदा घोषित किया है। ADR के मुताबिक, पार्टी की सार्वजनिक रूप से उपलब्ध योगदान रिपोर्ट खराब तरीके से स्कैन की गई है। इससे पहले वित्त वर्ष 2022-23 में पार्टी ने 12 हजार से अधिक चंदों के जरिए 216 करोड़ रुपये मिलने की जानकारी दी थी। दूसरी ओर, प्रबल भारत पार्टी भी 20 हजार रुपये से अधिक के चंदे के मामले में शीर्ष पर रही। इसका पंजीकृत कार्यालय सीतामढ़ी, बिहार में है।
ये भी पढ़ें: Nepal Flood: नेपाल में बाढ़ के 11वें दिन मिली बड़ी खुशखबरी, मलबे से बचाई गईं 2 जिंदगियां
9 दलों ने कोई चंदा नहीं बताया
ADR के डेटा में स्वराज इंडिया पार्टी, राष्ट्रीय जनरल पार्टी, भारतीय जन क्रांति दल और प्राउटिस्ट ब्लॉक, इंडिया समेत अन्य दलों का भी उल्लेख है। इनके पंजीकृत पते नई दिल्ली, बक्सर, जबलपुर और नई दिल्ली में हैं। रिपोर्ट के अनुसार, नौ RUPPs ने 20 हजार रुपये से अधिक का कोई चंदा घोषित नहीं किया। वहीं, राष्ट्रीय जनरल पार्टी को लेकर चुनावी फंड से जुड़े मामले में चुनाव आयोग ने बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को नोटिस भेजा है।