Nepal Flood: नेपाल में 26 अगस्त को आई विनाशकारी बाढ़ के 11वें दिन भी राहत और बचाव अभियान जारी है। शनिवार को रेस्क्यू टीमों ने मलबे और सुरंग में फंसी दो जिंदगियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें नुवाकोट जिले की 64 वर्षीय महिला चण्डिका श्रेष्ठ और एक चीनी नागरिक शामिल हैं। दोनों के रेस्क्यू का वीडियो भी सामने आया है।

64 वर्षीय महिला को 11वें दिन घर से निकाला गया

नुवाकोट जिले के विदुर वेत्रावती इलाके में सशस्त्र पुलिस बल की टीम ने शनिवार को एक घर की चौथी मंजिल से चण्डिका श्रेष्ठ को सुरक्षित बाहर निकाला। अधिकारियों के मुताबिक, 64 वर्षीय चण्डिका बाढ़ के बाद से घर में फंसी हुई थीं। रेस्क्यू के बाद उनकी हालत खराब बताई गई है। बेहतर इलाज के लिए उन्हें हेलीकॉप्टर के जरिए काठमांडू ले जाया जा रहा है। बचाव दल ने काफी सावधानी के साथ उन्हें घर से बाहर निकाला।

अपर त्रिशूली-1 की सुरंग से चीनी नागरिक का रेस्क्यू

इसी बीच, बाढ़ प्रभावित अपर त्रिशूली-1 जलविद्युत परियोजना की एडिट-4 सुरंग से भी एक चीनी नागरिक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। नेपाल के प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, नेपाली सेना और दक्षिण कोरिया की आपदा विशेषज्ञ टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर सुरंग के भीतर फंसे व्यक्ति को बाहर निकाला। रेस्क्यू किए गए चीनी नागरिक को इलाज के लिए नुवाकोट के त्रिशूली स्थित मैथिली बैरक ले जाया जा रहा है।

5 हजार से ज्यादा लोग अब भी लापता

नेपाल में आई इस भीषण प्राकृतिक आपदा में मृतकों की संख्या 1,344 तक पहुंच गई है, जबकि 5 हजार से ज्यादा लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। बाढ़ से कई इलाकों में भारी तबाही हुई है और राहत-बचाव दल लगातार प्रभावित क्षेत्रों में अभियान चला रहे हैं। इस बीच सामने आ रहे रेस्क्यू ऑपरेशन के वीडियो लोगों के बीच उम्मीद भी जगा रहे हैं।

ये भी पढ़ें: FIR On Guddu Pandit: पूर्व विधायक गुड्डू पंडित की बढ़ी मुश्किलें, पत्नी से मारपीट मामले में FIR दर्ज