Sitanshu Kotak on Vaibhav Sooryavanshi: गुरुवार को क्राइस्टचर्च में खेले गए पहले टी20 इंटरनेशनल में भारतीय टीम ने 19.4 ओवर में 4 विकेट की रोमांचक जीत दर्ज की और इस जीत के हीरो थे संजू सैमसन, श्रेयस अय्यर और नमनधीर, जिन्होंने अपनी शानदार बल्लेबाजी से टीम इंडिया को 226 रन का विशालकाय लक्ष्य हासिल करवाया।
हालांकि, इस मैच में वैभव सूर्यवंशी को मौका नहीं मिला था और पिछले छह मैचों से वह सिर्फ बेंच पर बैठे नजर आ रहे हैं, लेकिन माना जा रहा है कि दूसरे टी20 आई में वैभव की प्लेइंग इलेवन में एंट्री हो सकती है और उनको ईशान किशन के स्थान पर खिलाया जा सकता है। वहीं, मैच के बाद भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने भी वैभव सूर्यवंशी को लेकर कई अहम बातें बताईं हैं।
वह अभी बहुत छोटे हैं- सितांशु
न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20आई से पहले भारतीय टीम के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा,
"वह अभी बहुत छोटे हैं, लेकिन टीम मैनेजमेंट में हर कोई उनका बहुत ख्याल रखता है। मैं निष्पक्ष होकर देखता हूं और हर कोई उन्हें पसंद करता है। सोशल मीडिया पर भी उन्हें पसंद किया जाता है और टीम में भी। लेकिन सिर्फ इसलिए कि लोग उन्हें पसंद करते हैं, आप प्लेइंग इलेवन में बदलाव नहीं कर सकते। वह बहुत प्रतिभाशाली हैं और मुझे यकीन है कि उनका भविष्य बहुत उज्ज्वल है। इसलिए, जब उन्हें मौके मिलेंगे और वह टीम में पूरी तरह सेट हो जाएंगे, तो वह बहुत कुछ सीखेंगे।"
वह समझ गया है- सितांशु कोटक
बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर कहा कि वह अब समझदार हो गया है और उसको मालूम है कि संजू-अभिषेक अच्छा कर रहे हैं तो उनको बाहर नहीं किया जा सकता है। कोटक ने कहा,
"अब वह काफी समझदार हो गया है। वह समझ गया है कि संजू अच्छा खेल रहे हैं, या अभिषेक अच्छा खेल रहे हैं, तो उन्हें टीम से कैसे बाहर किया जा सकता है? मिडिल ऑर्डर भी पूरी तरह भरा हुआ है। हर कोई यह बात समझता है, लेकिन जाहिर है कि वह भी खेलना चाहता है। अगर मैं उसकी जगह होता, तो मैं भी यही चाहता। लेकिन वह एक सीधा-सादा लड़का है। ऐसा नहीं है कि उसने कोई शिकायत की हो या वह निराश दिखा हो।’’
शनिवार को मिल सकता है चांस
वैभव सूर्यवंशी ने भारत के लिए आखिरी टी20 इंटरनेशनल एशियन गेम्स 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ गोल्ड मेडल मैच खेला था, जिसमें संजू सैमसन को नंबर तीन पर बैटिंग का मौका मिला था। हालांकि, पहले टी20आई में ईशान किशन के दाहिने एडक्टर (जांघ के पास की मांसपेशी) में खिंचाव आया था और ऐसे में शनिवार को सूर्यवंशी को खेलने का मौका मिल सकता है।
हालांकि, पत्रकारों से वार्ता के दौरान कोटन ने इसको लेकर कोई बयान नहीं दिया था। लेकिन, अगर ईशान समय रहते फिट नहीं पाते हैं तो वैभव को अंतिम एकादश में शामिल किया जा सकता है और संजू नंबर तीन की भूमिका में दिख सकते हैं।
ये भी पढ़ें- 1 ODI में खत्म हो जाएगा इस बांग्लादेशी स्पिनर का करियर! संदग्धि बॉलिंग पर ICC ने लिया एक्शन