Illegal Bowling Action: बांग्लादेश के ऑफ-स्पिनर एलिस अल इस्लाम के बॉलिंग एक्शन पर शक है। यह शक 21 अक्टूबर, बुधवार को शारजाह में अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे ट्राई-सीरीज मैच के बाद हुआ।

एलिस ने इस मैच में बांग्लादेश के लिए अपना एकदिवसीय डेब्यू किया और 8.3 ओवर में 47 रन दिए। 29 साल के इस खिलाड़ी ने इससे पहले इसी महीने श्रीलंका के खिलाफ बांग्लादेश के एशियन गेम्स मैच के दौरान अपना पहला टी20आई पदार्पण किया था

बॉलिंग एक्शन पर उठे सवाल

ऑफ-स्पिनर एलिस अल इस्लाम अफगानिस्तान के खिलाफ गेंदबाजी कर रहे थे, जिसमें बांग्लादेश को हार का सामना करना पड़ा था। इस मैच के बाद एलिस के बॉलिंग एक्शन की लीगैलिटी पर चिंता जताई गई थी।

ऑफ-स्पिनर का अब आईसीसी से मान्यता प्राप्त टेस्टिंग सेंटर में आईसीसी इल्लीगल बॉलिंग एक्शन रेगुलेशंस के अनुसार एक इंडिपेंडेंट असेसमेंट होगा। गेंदबाजों को गेंद फेंकते समय कोहनी को 15 डिग्री तक मोड़ने की इजाजत है। एलिस को इंटरनेशनल मैचों में तब तक बॉलिंग जारी रखने की इजाजत है जब तक उनके इंडिपेंडेंट असेसमेंट के नतीजे नहीं आ जाते।

पहले भी उठे थे सवाल

यह पहली बार नहीं है जब एलिस अल इस्लाम को संदिग्ध गैर-कानूनी बॉलिंग एक्शन के लिए रिपोर्ट किया गया है। 2019 में, बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) में अपने टी20 डेब्यू पर हैट्रिक लेने के बाद एलिस जांच के दायरे में आए थे।

इसके बाद उन्होंने उसी साल अक्टूबर में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) द्वारा किए गए घरेलू बॉलिंग असेसमेंट को पास कर लिया। पिछले साल के बीपीएल के दौरान एलिस की फिर से रिपोर्ट की गई थी, लेकिन उन्होंने बीसीबी द्वारा किए गए एक और बॉलिंग एक्शन टेस्ट को क्लियर कर लिया था।

बांग्लादेश फाइनल से बाहर

संयुक्त अरब अमीरात में खेली जा रही त्रिकोणीय श्रृंखला में बांग्लादेश, अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे हिस्सा ले रही है। इस मैच में बांग्लादेश को अपने दोनों मैच गंवाने पड़े हैं। अफगानिस्तान ने पिछले मैच में बांग्लादेश को 7 विकेट से हराया था।

इस मैच में बांग्लादेशी पारी सिर्फ 160 रन पर सिमट गई थी। इससे पहले जिम्बाब्वे से भी बांग्लादेशियों को 99 रन की शर्मनाक हार मिली थी। उस मैच में भी बांग्लादेश के बल्लेबाजों ने निराश किया था और 272 रन के जवाब में सिर्फ 172 रन ही बना सकी।

ये भी पढ़ें- मैच विनिंग पारी खेलने के बाद संजू सैमसन ने दिखाया बड़ा दिल, इस बल्लेबाज को दिया जीत का क्रेडिट