Shubman Gill Birthday: भारतीय टीम के वनडे और टेस्ट कप्तान शुभमन गिल आज (8 सितंबर) अपना 27वां जन्मदिन मना रहे हैं। गिल का जन्म 8 सितंबर 1999 को पंजाब के फाजिल्का में हुआ था। भारतीय कप्तान ने अपना 27वां जन्म काफी धूम-धाम ने मनाया।
उन्होंने परिवारजनों के साथ केक कटिंग की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। वहीं, गिल को सोशल मीडिया के जरिए अपने जन्मदिन पर ढेर सारी शुभकामनाएं मिल रही हैं।
छोटी उम्र में किए बड़े कारनामें
शुभमन गिल को बचपन से ही क्रिकेट का काफी शौक था। वह बचपन में अपनी उम्र से बड़े खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट खेला करते थे। उन्होंने साल 2014 में पंजाब के अंतर-जिला अंडर-16 प्रतियोगिता में 351 रन बनाए थे और निर्मल सिंह के साथ 587 रन की रिकॉर्डतोड़ ओपनिंग साझेदारी की थी। गिल की इसी पारी ने सभी का ध्यान अपनी तरफ खींचा था।
इस पारी के बाद शुभमन ने विजय मर्चेंट ट्रॉफी के दौरान अंडर-16 स्टेट में पदार्पण किया और पहले ही मैच में धमाकेदार दोहरा शतक ठोक दिया। उनकी बल्लेबाजी देख चयनकर्ताओं ने आखिरकार साल 2017 में रणजी ट्रॉफी में डेब्यू का मौका दिया और पहले ही मैच में अर्धशतकीय पारी खेली।
अंडर-19 वर्ल्ड कप में धांसू प्रदर्शन
घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बाद उनको चयनकर्ताओं ने अंडर-19 वर्ल्ड कप में शुभमन गिल को उप कप्तान बनाया। इस प्रतियोगिता में गिल ने एक बार फिर कमाल का प्रदर्शन किया। उनके बल्ले से 6 मैच की 5 पारियों में 124 की बेहद कमाल औसत से 372 रन निकले थे।
इस प्रदर्शन के लिए उनको प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार दिया गया। बता दें कि, सेमीफाइनल में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ गिल के बल्ले से मात्र 94 गेंदों पर 102 रन की बेहतरीन पारी निकली थी। उनकी इस धमाकेदार पारी 7 चौके शामिल थे।
2019 में मिला भारत के लिए डेब्यू
साल 2018 में खेले गए अंडर-19 वर्ल्ड कप में शुभमन गिल से राष्ट्रीय टीम के चयनकर्ता भी काफी प्रभावित थे। लेकिन, तब तक उनको अधिक पहचान नहीं मिली थी। गिल को साल 2019 में भारत के लिए डेब्यू करने का मौका मिला तो दिसंबर 2020 में शुभमन को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट में डेब्यू का मौका मिला।
इस सीरीज में गिल ने गाबा में भारत को रोमांचक जीत दिलाने में काफी अहम भूमिका निभाई थी। इस मैच में गिल के बल्ले से 91 रन की बेहतरीन पारी निकली। वहीं, 23 साल की उम्र में गिल ने वनडे में दोहरा शतक ठोक दिया। यह उपलब्धि हासिल करने वाले सबसे छोटे खिलाड़ी थे। गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 149 बॉल पर शानदार 208 रन बनाए थे।
शानदार प्रदर्शन से हासिल की कप्तानी
शुभमन ने डेब्यू के बाद से ही भारत के लिए दमदार प्रदर्शन किया और टीम इंडिया में अपनी जगह को पक्का कर लिया। गिल भारत के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे और इसी को ध्यान में रखते हुए चयनकर्ताओं ने पहले उनको काफी समय तक उप कप्तान बनाए रखा और फिर वनडे और टेस्ट का नियमित कप्तान नियुक्त कर दिया।
रोहित के टेस्ट संन्यास के बाद गिल को पहली बार टेस्ट टीम का फुल टाइम कप्तान बनाया गया और इंग्लैंड दौरे पर उन्होंने सीरीज को 2-2 से बराबर करके अपनी कप्तानी को सही ठहराया। वहीं, अक्टूबर 2025 में शुभमन को वनडे टीम का कप्तान बनाया गया। गिल की नजर अब टी20आई टीम में जगह बनाने पर होगी।
भारत के लिए अभी तक शानदार प्रदर्शन
27 वर्षींय शुभमन गिल ने भारत के लिए अभी तक काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने भारत के लिए खेले 43 टेस्ट की 77 पारियों में 43.47 की औसत से 3043 रन बनाए हैं, जिसमें 11 शतक और 9 अर्धशतक शामिल है। वहीं, 67 वनडे की 66 पारियों में गिल 60.33 की बेहतरीन औसत से 3379 रन ठोक चुके हैं।
इस प्रारूप में गिल ने 9 शतक और 22 अर्धशतकीय पारियां खेली हैं। इसके अलावा भारतीय टीम के लिए खेले 36 मैचों में 28.03 की औसत और 138.59 के स्ट्राइक रेट के साथ 869 रन बनाए हैं। गिल टी20आई में 1 शतक और 3 अर्धशतक ठोक चुके हैं। हालाकिं, फटाफट क्रिकेट में यह आंकड़े उनके कद से बेहद छोटे हैं।
ये भी पढ़ें- टी20 क्रिकेट में फिर चला शुभमन गिल का बल्ला, चौके-छक्कों की करी बारिश, 191 के स्टाइक रेट से कूटे इतने रन