3 अक्टूबर 2026 को भारत क्रिकेट इतिहास की सबसे असामान्य परिस्थितियों में से एक का सामना कर सकता है, जब दो पुरुष टीमें एक ही दिन दो अलग-अलग देशों के खिलाफ मैदान पर उतरेंगी। इनमें से एक टीम न्यू चंडीगढ़ में वेस्ट इंडीज के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज का अंतिम मैच खेलेगी तो दूसरी टीम जापान में एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक के लिए प्रतिस्पर्धा कर सकती है।
भारत खेलेगा 1 दिन में 2 मैच
एशियन गेम्स 2026 में पुरुष क्रिकेट का फाइनल मैच 3 अक्टूबर को निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेला जाएगा। वहीं, कास्य पदक का मैच भी इसी दिन निर्धारित किया है। अगर श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली टीम इंडिया सेमीफाइनल से आगे बढ़ने में कामयाब होती है तो वह ये मैच खेलते दिख सकती है।
एशियाई खेलों के अळावा 3 अक्टूबर को भी भारत-वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज का अंतिम मैच होगा। यह मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 2 बजे शुरू होगा। यानी भारत 1 दिन में 2 मैच खेलने के लिए मैदान पर उतर सकता है।
पहले भी बन चुकी है ऐसी स्थिति
यह पहला मौका नहीं है, जब भारतीय टीम एक दिन में दो मुकाबले खेल सकती है, बल्कि इससे पहले 12 सितंबर 1998 को इसी तरह के एक असामान्य आयोजन के दौरान, दो भारतीय पुरुष टीमों ने एक ही दिन अलग-अलग देशों में मैच खेले थे।
कुआलालंपुर में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में सचिन तेंदुलकर, अनिल कुंबले, अजय जडेजा और वीवीएस लक्ष्मण जैसे धुरंधर खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था और कनाडा के विरुद्ध 112 रनों की शानदार जीत दर्ज की थी। इसी दिन भारत का पाकिस्तान से टोरंटो में सहारा फ्रेंडशिप कप में सामना हुआ था।
इस मैच में भारत की कप्तानी मोहम्मद अजहरुद्दीन कर रहे थे तो सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़, नवजोत सिंह सिद्धू, जवागल श्रीनाथ और अजीत अगरकर जैसे मुख्य खिलाड़ी शामिल थे। भारत ने इस मैच में पाकिस्तानियों को 6 विकेट से हराया था।
एशियाई खेलों के लिए चुनी मजबूत टीम
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने एशियाई खेलों के लिए मजबूत दल को भेजने का फैसला किया है। टीम की अगुवाई श्रेयस अय्यर और वाइस कैप्टन तिलक वर्मा को बनाया है।
इस सीरीज में अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, वैभव सूर्यवंशी, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, ईशान किशन, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, वाशिंगटन सुंदर जैसे खिलाड़ी खेलते दिखेंगे।
चयनकर्ताओं ने अपने सभी मुख्य खिलाड़ियों को मैदान पर उतारने का फैसला किया है। वहीं, वेस्टइंडीज के खिलाफ अभी तक स्क्वाड का ऐलान नहीं किया है, लेकिन जल्द ही इसकी घोषणा भी की जा सकती है, जिसमें विराट कोहली, रोहित शर्मा, शुभमन गिल जैसे खिलाड़ी दिख सकते हैं।
ये भी पढ़ें- बदल गई भारत-जापान मैच देखने की जगह, सोनी या जियो नहीं, अब इस जगह होगी लाइव स्ट्रीमिंग