Mohammed Shami: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने शनिवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे और टेस्ट टीम का ऐलान किया, लेकिन इसमें मोहम्मद शमी का नाम एक बार फिर गायब था।
उम्मीद की जा रही थी कि उनके घरेलू प्रदर्शन के आधार पर टेस्ट स्क्वाड में जगह मिल सकती है लेकिन चयनकर्ताओं ने अपने पुराने गेंदबाजों के साथ जाने का फैसला किया।
हालांकि, शमी ने वापसी की उम्मीदों को जिंदा रखा है और घरेलू क्रिकेट में लगातार अपनी उपस्थिति दर्ज करवा रहे हैं और अहम मौकों पर विकेट निकाल रहे हैं। न्यूजीलैंड दौरे पर नहीं चुने जाने पर शमी ने अपनी भावनाओं को व्यक्त किया है।
मैं हमेशा पॉजिटिव रहता हूं- शमी
मोहम्मद शमी रणजी ट्रॉफी 2026-27 में बंगाल टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और इस मौके पर उन्होंने कहा,
“मैं हमेशा पॉजिटिव रहता हूं और हर मैच में अच्छा परफॉर्म करने पर फोकस करता हूं। मैं ज्यादा से ज्यादा मैच खेलना चाहता हूं क्योंकि इससे मुझे अपना फिजिकल मोमेंटम बनाए रखने, अपने गेम को बेहतर बनाने और अपनी स्किल्स को बेहतर बनाने में मदद मिलती है। अभी मैं इसी पर फोकस कर रहा हूं। मैं खेलते रहने और अपना बेस्ट देने के अलावा और क्या कर सकता हूं?”
शमी ने वापसी की उम्मीद अभी भी नहीं त्यागी है और लगातार अच्छा प्रदर्शन कर वापसी के दरवाजे को खटखटा रहे हैं।
इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता- शमी
भारत के दिग्गज तेज गेंदबाज का कहना है कि वह सिर्फ अपने खेल पर ध्यान देते हैं और दूसरे क्या कर रहे हैं इससे उनको मतलब नहीं है। शमी ने कहा,
"मैं पूरी तरह से अपने गेम पर फोकस कर रहा हूं और दूसरे क्या कर रहे हैं, इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। मेरी प्रायोरिटी टीम और गेम की जो भी डिमांड है, उसे पूरा करना है। मैंने सोशल मीडिया से भी पूरी तरह दूरी बना ली है, क्योंकि मुझे इसे ब्राउज करने में ज्यादा समय बिताना पसंद नहीं है। इसके बजाय, मैं ग्राउंड पर रहने, प्रैक्टिस सेशन के दौरान घंटों बिताने और इस सीजन में ज्यादा से ज्यादा मैच खेलने पर फोकस कर रहा हूं। मैं अपना समय और एनर्जी वहीं लगाना चाहता हूं।"
मैं पूरे घरेलू क्रिकेट खेलना चाहता हूं- शमी
मोहम्मद शमी ने साल 2025 चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के लिए अंतिम मैच खेला था और इसके बाद उनको ड्रॉप कर दिया गया था। टीम इंडिया से बाहर किए जाने के बाद से वह लगातार घरेलू क्रिकेट में एक्टिव हैं और अच्छे प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को प्रभावित करने का प्रयास करने में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा,
"मैं अपनी पूरी कोशिश कर रहा हूं और अपना सब कुछ दे रहा हूं। इसके अलावा, क्या होता है और क्या नहीं, यह भगवान के हाथ में है। अभी के लिए, मेरे लिए पूरा डोमेस्टिक सीजन खेलना बहुत जरूरी है, क्योंकि इससे मुझे अपनी स्किल्स पर काम करने, अपने गेम को बेहतर बनाने और आगे जो भी हो, उसके लिए तैयार रहने में मदद मिलेगी।"
ये भी पढ़ें- न्यूजीलैंड के खिलाफ श्रेयस अय्यर का बल्ला उगलेगा आग, आंकड़े देखकर दहल जाएंगे विरोधी!