Ishan Kishan: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने पुष्टि की है कि ईशान किशन मंगलवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरा टी20आई नहीं खेल पाएंगे। इससे पहले, दाएं पैर की मांसपेशियों में हल्की चोट (लो-ग्रेड एडक्टर स्ट्रेन) के कारण वे पिछला मैच भी नहीं खेल पाए थे।

बोर्ड ने उनकी जगह टीम में कुमार कुशाग्र को शामिल किया था, लेकिन मैनेजमेंट ने प्लेइंग इलेवन में उनकी जगह वैभव सूर्यवंशी को मौका दिया और उन्हें नंबर 3 पर बल्लेबाजी के लिए भेजा। हालांकि, यह युवा ओपनर कुछ खास नहीं कर सका और 8 गेंदों में सिर्फ 4 रन बनाकर ड्रेसिंग रूम लौट गया।

अभी फिट नहीं हैं ईशान-BCCI

बीसीसीआई ने सोशल मीडिया के जरिए एक बयान साझा किया है, जिसमें कहा गया है,

"ईशान किशन दाएं पैर की मांसपेशियों में लगी हल्की चोट से उबर रहे हैं। उन्हें यह चोट न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के पहले मैच के दौरान लगी थी। वे अभी तक मैच खेलने के लिए पूरी तरह फिट नहीं हैं, इसलिए 27 अक्टूबर 2026 को वेलिंगटन में होने वाले तीसरे टी20आई से बाहर हो गए हैं। बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनके सुधार पर नजर रख रही है। तीसरे टी20आई के लिए कुमार कुशाग्र टीम के साथ बने रहेंगे।"

वैभव को मिल सकता है मौका

ईशान किशन के तीसरे टी20आई से बाहर होने के बाद, इसका फायदा 15 वर्षींय विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को मिल सकता है। सूर्यवंशी, जिन्होंने अपने सीनियर करियर की शुरुआत से ही केवल ओपनर के तौर पर खेला है, ईशान की गैरमौजूदगी में नंबर 3 की भूमिका में काफी असहज नजर आए।

रविचंद्रन अश्विन और मुरली कार्तिक जैसे भारत के कई पूर्व क्रिकेटरों ने टीम मैनेजमेंट से आग्रह किया कि वे इस युवा ओपनर को पारी की शुरुआत करने का मौका दें, और किशन की जगह खाली हुए नंबर 3 के स्थान पर संजू सैमसन को खिलाएं।

नंबर 3 पर नहीं था सहज- अश्विन

भारत के पूर्व दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा,

"वह बिल्कुल ऐसा लग रहा था जैसे पानी से बाहर निकली कोई मछली हो। उसने लगातार आक्रामक खेलने की कोशिश की, उन आठ गेंदों तक वह यही करता रहा। ऐसा बिल्कुल नहीं लगा कि वह गेंद को सही समय पर हिट कर पा रहा हो। ऐसे में एक सीनियर खिलाड़ी को उसके पास जाकर कहना चाहिए था, 'शांत रहो, डटे रहो, अपने शरीर के करीब खेलने की कोशिश करो और गेंद को ध्यान से देखो। मुझे लगा कि वह बिल्कुल असहज था। छठे ओवर में बल्लेबाजी के लिए आना उसके लिए बिल्कुल भी सही नहीं था।"

ये भी पढ़ें- IPL 2027 से पहले रविचंद्रन अश्विन का बड़ा खुलासा, रोहित शर्मा दोबारा बन सकते हैं मुंबई के कप्तान