Ravichandran Ashwin: भारत के दिग्गज क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने अपने पूर्व साथी खिलाड़ी रोहित शर्मा का समर्थन किया है कि वे इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 सीजन के लिए एक बार फिर मुंबई इंडियंस (MI) की कप्तानी संभालें।

IPL 2026 के उतार-चढ़ाव भरे सीजन में नौवें स्थान पर रहने के बाद, ऐसी पूरी उम्मीद है कि मुंबई इंडियंस हार्दिक पांड्या को कप्तान के रूप में आगे नहीं रखेगी। फ्रेंचाइजी द्वारा 2027 के लिए कीरोन पोलार्ड को टीम का हेड कोच नियुक्त करने की खबर के बाद, अश्विन का मानना ​​है कि रोहित फिर से कप्तान बनने के सबसे प्रबल दावेदार हैं।

वह सिर्फ रोहित है- अश्विन

अश्विन ने कहा कि मुंबई इंडियंस के सामने कई ऐसी समस्याएं हैं जिन्हें ठीक करने की जरूरत है, और रोहित के पास ऐसा करने के लिए जरूरी अनुभव है। अपने यूट्यूब चैनल 'अश की बात' पर बोलते हुए अश्विन ने कहा,

"इस टीम को एक ऐसे लीडर की जरूरत है जिसका ड्रेसिंग रूम में सम्मान हो। मेगा ऑक्शन से पहले यह आखिरी साल है। उन्हें कई चीजों को ठीक करने की भी जरूरत है। इतने कम समय में इन चीजों को ठीक करने का अनुभव किसके पास है? वह रोहित हैं। मुझे लगता है कि यह एक स्पष्ट विकल्प है, कम से कम इस साल के लिए तो जरूर। मेरी नजर में वे सबसे आगे हैं। पोलार्ड के साथ भी उनकी अच्छी बॉन्डिंग है।"

सूर्या-बुमराह नहीं बनेंगे कप्तान-अश्विन

भारत के पूर्व स्पिनर, जिन्होंने अपने आईपीएल करियर के दौरान मुख्य रूप से चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के लिए खेला था, उन्होंने सूर्यकुमार यादव या जसप्रीत बुमराह के मुंबई इंडियंस का कप्तान बनने की संभावना को खारिज कर दिया।

उन्होंने यह भी साफ तौर पर कहा कि हार्दिक के कप्तान बने रहने की संभावना कम है, क्योंकि फ्रेंचाइजी में उनके भविष्य को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। अश्विन ने कहा, "मुझे लगता है कि हार्दिक पांड्या के वहां बने रहने के चांस कम हैं, और इसलिए उनके कप्तान बनने के चांस और भी कम हैं।"

तिलक कप्तान बनने के मजबूत दावेदार-अश्विन

पूर्व दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने कहा, "मैं इसे खारिज करता हूं। मुझे नहीं लगता कि जसप्रीत बुमराह कप्तान बनेंगे, क्योंकि उन्हें शारीरिक समस्याएं (फिटनेस संबंधी दिक्कतें) हैं। सूर्यकुमार यादव अब भारतीय टीम में नहीं हैं, वे मुंबई की रणजी टीम में भी नहीं हैं, इसलिए मुझे नहीं लगता कि वे मुंबई की कप्तानी करेंगे।"

तिलक वर्मा भी MI के नए कप्तान बनने के लिए एक मजबूत दावेदार के रूप में उभरे हैं। हाल ही में उन्होंने भारतीय टी20 टीम में उप-कप्तान की भूमिका भी निभाई है।

ये भी पढ़ें- पाकिस्तान की रोमांचक जीत, फाइनल में बनाई जगह, 1 विकेट से मारी बाजी