Team India T20 Milestones: भारतीय टीम इस समय न्यूजीलैंड दौरे पर है, जहां श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम इंडिया पहले दोनों मैच जीत चुकी है। ये दोनों मुकाबले क्राइस्टचर्च के हेगली ओवल में खेले गए थे, जिसमें इंडिया ने दो रोमांचक जीत दर्ज की। भारत पुरुषों के टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 200 जीत दर्ज करने वाली पहली टीम बन गई है।

दूसरे टी20आई में भारत ने 181 रनों का पीछा करते हुए, एक समय 70 रनों पर 5 विकेट गंवाकर मुश्किल स्थिति में था, लेकिन वहां से वापसी करते हुए टीम 181 रनों तक पहुंची। सातवें विकेट के लिए तिलक वर्मा और नितीश कुमार रेड्डी के बीच हुई 69 रनों की नाबाद साझेदारी ने भारत को जीत दिलाई।

भारत ने बनाई मजबूत बढ़त

इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है, जबकि अभी तीन मैच और खेले जाने बाकी हैं। 2006 में इस फॉर्मेट में पदार्पण करने के बाद से, भारत ने अब तक खेले गए 300 T20 इंटरनेशनल मैचों में से 200 में जीत हासिल की है, 83 मैचों में हार का सामना किया है, जबकि बाकी मैच टाई रहे या उनका कोई परिणाम नहीं निकला। इस फॉर्मेट में पूर्ण सदस्य (Full Member) देशों के बीच भारत का जीत प्रतिशत 71.20 है।

वर्मा ने लगाया जीत का तिलक

भारतीय टी20 टीम के मौजूदा उप कप्तान तिलक वर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20आई में 51 रन की नाबाद पारी खेली थी, जिसके लिए उनको प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया। तिलक के अलावा नीतीश कुमार रेड्डी ने सिर्फ 13 गेंदों पर 26 रन की तूफानी पारी खेली।

दबाव के बावजूद दोनों खिलाड़ियों ने संयम बनाए रखा। आखिरी ओवर में भारत को जीत के लिए 11 रनों की जरूरत थी, लेकिन इन दोनों ने कोई भी नाटकीय मोड़ नहीं आने दिया और दूसरी आखिरी गेंद पर ही लक्ष्य हासिल कर लिया।

ऐसा रहा था दूसरा टी20आई मैच

भारत बनाम न्यूजीलैंड के बीच हुए दूसरे टी20आई की बात की जाए तो श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने शुरुआती झटकों से उबरते हुए ग्लेन फिलिप्स और बेवन जैकब्स की शानदार पारियों की मदद से 5 विकेट पर 180 रन बनाए। इसके जवाब में भारत ने 19.5 ओवर में सफलतापूर्वक टारगेट को हासिल कर लिया और सीरीज में 2-0 की मजबूत बढ़त बना ली।

ये भी पढ़ें- भारत ने जीते 114 मेडल.... तो पाकिस्तान का निकला दम! एशियन पैरा गेम्स 2026 में पड़ोसी देश का शर्मनाक प्रदर्शन