एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया। भारत ने इन खेलों में 30 गोल्ड समेत कुल 114 मेडल अपने नाम किए। यह एशियन पैरा गेम्स के इतिहास में भारत का अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन बताया जा रहा है। दूसरी ओर, पाकिस्तान की टीम का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा। उसके 9 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया, लेकिन केवल एक खिलाड़ी ही मेडल जीतने में कामयाब रहा।

पाकिस्तान को मिला सिर्फ एक मेडल

एशियन पैरा गेम्स 2026 में पाकिस्तान को केवल एक सिल्वर मेडल मिला। यह पदक हैदर अली ने एथलेटिक्स के पुरुष डिस्कस थ्रो F37 इवेंट में जीता। पाकिस्तान के खिलाड़ी चार अलग-अलग खेलों में हिस्सा लेने जापान पहुंचे थे, लेकिन बाकी खिलाड़ियों को पदक नहीं मिल सका। पाकिस्तान के लिए यह नतीजा इसलिए भी अहम है, क्योंकि 2014 के बाद पहली बार उसके खाते में कोई गोल्ड मेडल नहीं आया। 2022 में पाकिस्तान ने एक गोल्ड मेडल जीता था, जबकि इस बार उसे सिल्वर से ही संतोष करना पड़ा।

भारत ने पिछले रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ा

भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन पिछले कुछ वर्षों से लगातार बेहतर होता रहा है। देश ने हर संस्करण में अपने मेडल की संख्या बढ़ाने की कोशिश की है और 2026 में एक नया रिकॉर्ड कायम किया।

भारत के पिछले संस्करणों के प्रदर्शन पर नजर डालें तो तस्वीर कुछ ऐसी रही है:

2010: 14 मेडल
2014: 33 मेडल
2018: 72 मेडल
2022: 108 मेडल
2026: 114 मेडल

2022 में भारत ने पहली बार 100 से ज्यादा मेडल जीतने का आंकड़ा पार किया था। उस समय भारतीय खिलाड़ियों ने 27 गोल्ड समेत कुल 108 पदक हासिल किए थे। इस बार टीम ने अपने पिछले रिकॉर्ड से 6 मेडल ज्यादा जीतकर नया कीर्तिमान बना दिया। शीतल देवी, निषाद कुमार और सिमरन शर्मा जैसे खिलाड़ियों ने भी अपने प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचा। जानकारी के मुताबिक, भारत के छह खिलाड़ियों ने दो-दो गोल्ड मेडल जीते, जबकि चार खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में तीन-तीन पदक हासिल किए।

ये भी पढ़ें- France में महंगाई पर बवाल! 4.10 लाख लोग सड़कों पर उतरे, 1,000 गिरफ्तार

मेडल टेबल में भारत चौथे स्थान पर

एशियन पैरा गेम्स 2026 की पदक तालिका में भारत चौथे स्थान पर रहा। भारतीय खिलाड़ियों ने 30 गोल्ड, 35 सिल्वर और 49 ब्रॉन्ज मेडल जीते। इस तरह देश के कुल पदकों की संख्या 114 रही। चीन ने 207 गोल्ड समेत कुल 435 पदक जीतकर पहला स्थान हासिल किया। जापान दूसरे और उज्बेकिस्तान तीसरे स्थान पर रहा। उज्बेकिस्तान ने प्रतियोगिता में कुल 145 पदक जीते।