India defeated New Zealand: श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को पांच टी20 मैच की सीरीज के दूसरे मुकाबले में 4 विकेट से हराकर रोमांचक जीत दर्ज कर ली है। दूसरे टी20आई में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णयक किया था, जो एक दम सटीक रहा।

भारतीय गेंदबाजों ने कीवियों को 20 ओवर में 180/5 पर रोक दिया था। 181 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने 19.5 ओवर में 6 विकेट गंवाकर आसानी से मैच जीत लिया। भारत की इस जीत में उप कप्तान तिलक वर्मा का अहम रोल रहा, जिन्होंने 26 गेंदों पर नाबाद 51 रन की बेमिसाल पारी खेली।

19.5 ओवर में जीता मैच

न्यूजीलैंड ने भारत को जीत के लिए निर्धारित 20 ओवर में 181 रन का टारगेट दिया था। टीम के लिए ओपनिंग करने आए अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन 28 गेंदों पर 40 रन की शुरुआत दी। हालांकि, संजू सैमसन 17 गेंदों में 14 रन बनाकर आउट हो गए तो इस मैच में नंबर तीन पर खेल रहे वैभव सूर्यवंशी भी 4 के व्यक्तिगत स्कोर पर चलते बने। वैभव के बाद अभिषेक शर्मा भी 27 रन बनाकर सैंटनर का शिकार बन गए।

भारत ने 56 पर तीन विकेट गंवा दिए थे तो कप्तान श्रेयस अय्यर (7) भी बड़ी पारी नहीं खेल सके। भारत ने एक समय 112 पर 6 विकेट गंवा दिए थे और लक्ष्य असंभव लग रहा था लेकिन उप कप्तान तिलक वर्मा और नीतीश कुमार रेड्डी की जोड़ी ने असंभव को संभव कर दिखाया और भारत ने मैच को 19.5 ओवर में 4 विकेट से जीत लिया।

 

18 गेंदों पर थी 46 की दरकार

भारतीय टीम को जीत के लिए आखिरी 18 बॉल में 46 रन की जरूरत थी और हाथ में सिर्फ 4 विकेट शेष थे। भारत की आखिरी बैटिंग जोड़ी तिलक वर्मा और नीतीश कुमार रेड्डी क्रीज पर थे। भारत की हार सामने लग रही थी लेकिन उप कप्तान तिलक वर्मा और नीतीश कुमार रेड्डी ने 18वें ओवर में 17 रन बटोरे तो 19वें ओवर में 18 रन हासिल कर लिए।

इसके बाद भारत को अंतिम ओवर में 11 रन की जरूरत थी, जो उन्होंने 5 गेंदों में हासिल कर लिया। तिलक ने इस मैच में 26 गेंदों पर नाबाद 51 रन बनाए थे तो रेड्डी के बल्ले से 13 बॉल में नॉटआउट 26 रन निकले। इस दोनों ने सातवें विकेट के लिए 30 गेंदों में अटूट 69 रन की साझेदारी की। आपको बता दें कि, तिलक को उनकी मैच विनिंग पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया।

ऐसी रही न्यूजीलैंड की पारी

टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम को पहला झटका 9 के स्कोर पर टिम सीफर्ट (7) के रूप में लगा तो डेरिल मिचेल (6) भी सस्ते में चलते बने। इसके बाद फिन एलन भी 16 के व्यक्तिगत स्कोर पर आउट हो गए। यहां से ग्लेन फिलिप्स (70) और बेवॉन जैकब्स (58) ने मोर्चा संभाला और शानदार अर्धशतक ठोके।

इस दो बल्लेबाजों की पारी की बदौलत कीवियों ने निर्धारित 20 ओवर में 180/5 रन बनाए। वहीं, भारत की ओर से गेंदबाजी में अर्शदीप ने दो विकेट झटके। वहीं, भुवनेश्वर कुमार, नीतीश कुमार रेड्डी और प्रिंस यादव को एक-एक विकेट मिला।

ये भी पढ़ें- न्यूजीलैंड के खिलाफ नहीं चला वैभव सूर्यवंशी का जादू, 50 के स्ट्राइक रेट से बनाए इतने रन