Devdutt Padikkal: लिंकन के बर्ट सटक्लिफ ओवल में न्यूजीलैंड ए के खिलाफ पहले अनौपचारिक टेस्ट के तीसरे दिन देवदत्त पडिक्कल एक दीवार की तरह डटे रहे और इंडिया ए को मुश्किल से बाहर निकाला। इंडिया ए ने अपनी दूसरी पारी में दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 2 विकेट पर 106 रन बना लिए थे, जिसमें पडिक्कल 56 रन और साई सुदर्शन 39 रन बनाकर नाबाद थे।

तीसरे दिन खेल शुरू होने पर, पडिक्कल ने अपना शानदार फॉर्म जारी रखा और 199 रनों की बेहतरीन पारी खेली। इसके बाद, जैक गिब्सन की गेंद पर विकेटकीपर मिचेल हे ने उन्हें कैच आउट कर दिया। दोहरे शतक से सिर्फ एक रन दूर रहने वाले पडिक्कल अंपायर के फैसले से काफी निराश दिखे। उनका तर्क था कि बल्ले और गेंद के बीच काफी बड़ा गैप था।

पडिक्कल का शानदार फॉर्म जारी

देवदत्त पडिक्कल की 199 रनों की पारी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली आगामी दो मैचों की सीरीज से पहले इंडिया की टेस्ट टीम का हौसला बढ़ाया है। यह सीरीज 19 नवंबर से शुरू हो रही है और उम्मीद है कि पडिक्कल इसमें अहम भूमिका निभाएंगे।

अगस्त में श्रीलंका के खिलाफ भारत की दो टेस्ट मैचों की सीरीज के दौरान भी यह बाएं हाथ का बल्लेबाज बेहतरीन फॉर्म में था। पहले टेस्ट में, जिसे भारत ने 165 रनों से जीता था, पडिक्कल ने 167 और 44 रन बनाए थे। इसके बाद दूसरे टेस्ट में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 117 रन बनाए, और वह मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ।

यश-सुंदर ने भी किया प्रभावित

पहली पारी में इंडिया ए 39.3 ओवर में 113 रन पर ऑलआउट हो गया था। इसमें सबसे अधिक रन यश राठौड़ (44) ने बनाए थे। इसके बाद दूसरी पारी में भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार कैमबैक किया और भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।

पडिक्कल ने शानदार 199 रन बनाए तो साई सुदर्शन के बल्ले से 91 रन निकले। इसके अलावा यश राठौड़ ने 72 गेंदों पर 66 रन बनाए। वहीं, तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक वाशिंगटन सुंदर 51 रन बनाकर नाबाद लौटे तो अंशुल कंबोज ने 23 और आकिब नबी ने 38 रन बनाए। 

ऐसा रहा था दूसरे दिन का खेल

दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक इंडिया ए ने अपनी दूसरी पारी में 2 विकेट पर 106 रन बना लिए थे। न्यूजीलैंड ए ने अपनी पहली पारी में 317 रन बनाकर 204 रनों की बढ़त हासिल कर ली थी, जिसके चलते इंडिया ए अभी भी 98 रन पीछे थी। इससे पहले, न्यूजीलैंड ए ने दिन की शुरुआत 3 विकेट पर 135 रन से की और अपने स्कोर को 317 तक पहुंचाया।

इसमें डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने 51 रन और कर्टिस हीफी ने 44 रन बनाए। मैथ्यू क्लार्क ने 42 रन जोड़े, जबकि रीस मारियू ने सबसे अधिक 76 रन बनाए। इंडिया ए के लिए अंशुल कंबोज ने 3 विकेट लिए, और आकिब नबी ने भी 3 विकेट हासिल किए। आकाश दीप ने 2 विकेट लिए, जबकि वाशिंगटन सुंदर ने फॉक्सक्रॉफ्ट को आउट किया।

ये भी पढ़ें- पाकिस्तान-इंग्लैंड मैच के बीच आपस में भिड़े खिलाड़ी, हाथापाई तक पहुंची बात! वीडियो वायरल