Sohail Khan 11 Over in Match Controversy: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) को उनके अंडर-19 कप्तान सोहेल खान के बांग्लादेश अंडर-19 के खिलाफ वनडे मैच में कथित तौर पर 11वां ओवर डालने के बारे में सूचना दी है। बांग्लादेश U19 के कोच हन्नान सरकार ने कहा कि टीम ने अंपायरिंग के फैसलों में गलतियों के बारे में भी लिखा था और एक कप्तान का नोट भी अटैच किया था, जिसमें बुधवार को सीरीज के तीसरे मैच के दौरान अफगान U19 कप्तान ने वनडे में 10 ओवर की जगह 11 ओवर फेंके थे।

कप्तान ने डाले 11 ओवर-BCB

बीसीबी ने आरोप लगाया है कि अफगानिस्तान के अंडर-19 कप्तान सोहेल खान ने 50 ओवर के खेल में निर्धारित 10 की बजाय 11 ओवर डाले थे। क्रिकइन्फो की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि इसको लेकर बांग्लादेश टीम ने मैच रेफरी यासिर लतीफजई के साथ लंबी बातचीत की, जिसमें उन्होंने कथित अंपायरिंग गलतियों और अफगानिस्तान U19 कप्तान के एक एक्स्ट्रा ओवर फेंकने पर चर्चा की।

सरकार ने कहा, "हमने कैप्टन की रिपोर्ट में अंपायरिंग के फैसलों के बारे में लिखा है, और एक स्पेशल नोट भी जोड़ा है, जिसमें खास तौर पर उन 11 ओवरों का जिक्र है जिनकी बात हो रही है, क्योंकि स्टैंडर्ड कैप्टन रिपोर्ट फॉर्म में आमतौर पर ऐसी डिटेल्स के लिए कोई खास जगह नहीं होती है, इसलिए फैसलों की लिस्ट के बाद एक और नोट जोड़ा गया था।"

तीसरे मैच में गलती

कोच हन्नान सरकार ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा,

"उनके कैप्टन, जो उनके मेन स्ट्राइक बॉलर भी हैं, ने तीसरे मैच में 11 ओवर बॉलिंग की। हमारे पास ऑफिशियल स्कोरर का एक्सेस नहीं था, इसलिए हम टीम मैनेजर के फोन पर क्रिकइन्फो के जरिए स्कोरकार्ड ट्रैक कर रहे थे। हमारे अपने एनालिस्ट के रिकॉर्ड से पता चला कि सोहेल खान के पहले ही 10 ओवर कर चुके थे। जब तक हमने यह देखा, उन्होंने दूसरा ओवर शुरू कर दिया था। जैसे ही वह ओवर खत्म हुआ, हमने अंपायरों को बताया, हालांकि तब तक ओवर खत्म हो चुका था।"

इस तरह से हुई गलती

 बांग्लादेश U19 के कोच हन्नान सरकार के कहा कि ओवर का फुटेज मैच रेफरी को भेजा गया था और बताया कि 11वें ओवर में गड़बड़ी तब हुई जब स्कोरर ने ओवर का क्रेडिट किसी दूसरे खिलाड़ी को दे दिया। उन्होंने कहा, 

"यह गड़बड़ी इसलिए हुई क्योंकि ऑफिशियल स्कोरर ने 10 ओवर (सोहेल खान के लिए) रिकॉर्ड किए। उन्होंने गलती से एक ओवर दूसरे खिलाड़ी को दे दिया, जिसने असल में बॉलिंग ही नहीं की थी। हुआ यह कि इस खिलाड़ी ने अपनी कैप अंपायर को दे दी थी, लेकिन फिर वापस ले ली, और कप्तान ने उसकी जगह बॉलिंग कर दी। स्कोरर इस पर ध्यान नहीं दे पाया और आखिर में उसने दूसरे खिलाड़ी को क्रेडिट दे दिया।"

ये भी पढ़ें- ‘एक विकेट और मैच खत्म...’ हार के बाद छलका मिचेल सेंटनर का दर्द, बताया कहां पलटी बाजी