गर्मी के मौसम में तेज धूप और उमस से राहत पाने के लिए एयर कंडीशनर का इस्तेमाल काफी बढ़ जाता है। वहीं, स्मार्ट होम टेक्नोलॉजी के बढ़ते चलन के साथ AC में भी कई नए फीचर्स जोड़े जा रहे हैं। इन्हीं में से एक है Wi-Fi कनेक्टिविटी, जिसकी मदद से AC को स्मार्टफोन से कहीं से भी कंट्रोल किया जा सकता है, लेकिन क्या Wi-Fi AC वास्तव में सामान्य AC से बेहतर है? क्या इसके लिए अतिरिक्त पैसे खर्च करना समझदारी है? इसका जवाब हर यूजर की जरूरत और बजट पर निर्भर करता है। आइए जानते हैं Wi-Fi AC के फायदे और किन लोगों के लिए यह फीचर ज्यादा उपयोगी हो सकता है।

कहीं से भी कर सकते हैं AC को कंट्रोल

Wi-Fi AC का सबसे बड़ा आकर्षण इसका रिमोट एक्सेस फीचर है। अगर आप घर से बाहर हैं और कुछ देर बाद वापस लौटने वाले हैं, तो मोबाइल ऐप की मदद से पहले ही AC चालू किया जा सकता है। इससे आपके पहुंचने तक कमरे का तापमान आरामदायक हो सकता है, अगर घर से निकलते समय AC बंद करना भूल गए हैं, तो कई मॉडल में स्मार्टफोन के जरिए उसे दूर से बंद करने का विकल्प भी मिलता है। जो लोग काम या दूसरे कारणों से अक्सर घर से बाहर रहते हैं, उनके लिए यह सुविधा काफी काम की हो सकती है।

मिल सकती है बिजली के इस्तेमाल की जानकारी

कुछ Wi-Fi AC के साथ मिलने वाले मोबाइल ऐप में बिजली की खपत और AC के इस्तेमाल से संबंधित डेटा भी उपलब्ध होता है। इससे यूजर यह देख सकता है कि मशीन कितने समय तक चली और उसका इस्तेमाल किस तरह हो रहा है।हालांकि, यहां एक जरूरी बात समझना जरूरी है कि केवल Wi-Fi कनेक्टिविटी AC को ज्यादा पावर एफिशिएंट नहीं बनाती। बिजली की खपत पर स्टार रेटिंग, ISEER, इन्वर्टर तकनीक, कमरे का आकार, तापमान सेटिंग और AC इस्तेमाल करने का तरीका ज्यादा असर डालते हैं।

शेड्यूलिंग से तय कर सकते हैं कब चले AC

स्मार्ट AC में सिर्फ फोन से ऑन और ऑफ करने की सुविधा ही नहीं होती। कई मॉडल में टाइमर और शेड्यूलिंग जैसे विकल्प भी मिलते हैं। उदाहरण के लिए, यूजर रात के किसी तय समय पर AC को अपने आप बंद करने का शेड्यूल बना सकता है। इसी तरह सुबह उठने से पहले या घर पहुंचने के कुछ समय पहले AC को चालू करने के लिए भी शेड्यूल सेट किया जा सकता है। इस तरह जरूरत के हिसाब से AC चलाना आसान हो जाता है और लंबे समय तक बेवजह मशीन चलने की संभावना कम की जा सकती है।

हर यूजर के लिए Wi-Fi AC खरीदना जरूरी नहीं

अगर आपकी प्राथमिकता सिर्फ कमरे को अच्छी तरह ठंडा करना है और बजट भी सीमित है, तो केवल Wi-Fi फीचर के लिए ज्यादा कीमत देना जरूरी नहीं है। एक अच्छा इन्वर्टर AC बिना स्मार्ट कनेक्टिविटी के भी बेहतर कूलिंग और कम बिजली खपत दे सकता है। खासकर ऐसे लोगों के लिए जो AC को हमेशा रिमोट से ही चलाते हैं और मोबाइल ऐप या रिमोट कंट्रोल की जरूरत महसूस नहीं करते, उनके लिए Wi-Fi फीचर का अतिरिक्त फायदा बहुत सीमित हो सकता है।

खरीदने से पहले इन चीजों की करें जांच

Wi-Fi AC खरीदते समय सिर्फ स्मार्ट फीचर्स देखकर फैसला करना सही नहीं होगा। सबसे पहले AC की स्टार रेटिंग, ISEER रेटिंग, क्षमता, इन्वर्टर तकनीक, कंप्रेसर और वारंटी जैसी जरूरी जानकारियों पर ध्यान दें। इसके अलावा अपने इलाके में ब्रांड के सर्विस सेंटर और आफ्टर-सेल्स सपोर्ट की उपलब्धता भी जरूर जांच लें। स्मार्ट AC खरीदने पर मोबाइल ऐप भी अहम हो जाता है, इसलिए यह देखना जरूरी है कि ऐप आपके स्मार्टफोन के साथ सही तरीके से काम करता है या नहीं।

ये भी पढ़ें- AI कंटेंट को छिपाना होगा मुश्किल! WhatsApp ला रहा है नया लेबल फीचर

तो क्या आपको Wi-Fi AC खरीदना चाहिए?

अगर आप स्मार्ट होम फीचर्स पसंद करते हैं, अक्सर घर से बाहर रहते हैं या मोबाइल से AC को कंट्रोल और शेड्यूल करना चाहते हैं, तो Wi-Fi AC आपके लिए उपयोगी साबित हो सकता है। लेकिन अगर आपका मकसद सिर्फ अच्छी कूलिंग और बिजली की बचत है, तो AC खरीदते समय Wi-Fi से ज्यादा उसकी एनर्जी एफिशिएंसी, क्षमता और परफॉर्मेंस को प्राथमिकता देना बेहतर रहेगा। यानी Wi-Fi AC हर किसी के लिए जरूरी अपग्रेड नहीं है। खरीदारी का फैसला अपनी जरूरत, इस्तेमाल के तरीके और बजट को ध्यान में रखकर करना ज्यादा समझदारी होगी।