भारत में WhatsApp का इस्तेमाल बड़े पैमाने पर किया जाता है। बच्चों और युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक, हर उम्र के लोग इस मैसेजिंग प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते हैं। Meta लगातार WhatsApp में नए फीचर्स जोड़कर यूजर्स के अनुभव को बेहतर बनाने की कोशिश करती रहती है। अब कंपनी iPhone यूजर्स के लिए एक ऐसा फीचर टेस्ट कर रही है, जो AI से तैयार या एडिट किए गए मीडिया की पहचान करने में मदद करेगा। इस नए फीचर के जरिए WhatsApp चैनल के एडमिन किसी पोस्ट में मौजूद फोटो, वीडियो या अन्य मीडिया के बारे में यह जानकारी दे सकेंगे कि वह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से बनाया गया है या उसमें AI के जरिए बदलाव किया गया है।
कुछ iOS बीटा यूजर्स को मिला फीचर
फिलहाल AI Content Label फीचर सीमित संख्या में बीटा टेस्टर्स के लिए उपलब्ध कराया गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह सुविधा WhatsApp के iOS बीटा वर्जन 26.34.10.70 के जरिए कुछ TestFlight यूजर्स को मिल रही है। इस फीचर की मदद से चैनल एडमिन किसी अपडेट में शामिल उस मीडिया पर AI का लेबल लगा पाएंगे, जिसे AI टूल की सहायता से बनाया या संशोधित किया गया हो। हालांकि, अभी इसे सभी iPhone यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं कराया गया है।
ऐसे लगाया जा सकेगा AI Content Label
रिपोर्ट के मुताबिक, चैनल एडमिन को किसी अपडेट के Context Menu में AI Content Label का विकल्प दिखाई दे सकता है। इस विकल्प को चुनने के बाद एडमिन को लेबल की पुष्टि करनी होगी। एक बार किसी मीडिया पर AI Content Label जोड़ दिया गया, तो उसे बाद में हटाने की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। यानी लेबल लगाने से पहले एडमिन को यह सुनिश्चित करना होगा कि पोस्ट का मीडिया वास्तव में AI की मदद से बनाया या एडिट किया गया है।
सभी यूजर्स के लिए कब आएगा फीचर?
WhatsApp ने अभी तक इस बात की आधिकारिक जानकारी नहीं दी है कि AI Content Label फीचर किन देशों में उपलब्ध कराया जाएगा और इसका ग्लोबल रोलआउट कब शुरू होगा। अगर किसी iPhone यूजर को अभी चैनल में यह विकल्प नजर नहीं आ रहा है, तो इसे लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है। बीटा फीचर्स आमतौर पर चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध कराए जाते हैं। ऐसे में संभव है कि कंपनी आने वाले समय में इसे और अधिक अकाउंट्स तक पहुंचाए।
ये भी पढ़ें- AI Cyber Attack: 100 से अधिक टेक कंपनियों ने दी चेतावनी, अस्पतालों से लेकर जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर तक पर मंडरा रहा खतरा
कुछ देशों में जरूरी हो सकता है AI लेबल
AI की मदद से तैयार की जाने वाली तस्वीरों, वीडियो और दूसरे डिजिटल कंटेंट का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। इसी वजह से कई प्लेटफॉर्म और अलग-अलग देशों में AI-generated कंटेंट की स्पष्ट पहचान को लेकर नियमों पर जोर दिया जा रहा है। रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि कुछ देशों में AI से तैयार या बदले गए मीडिया के बारे में यूजर्स को जानकारी देना कानूनी आवश्यकता बन सकता है। ऐसी स्थिति में WhatsApp अपने चैनल इंटरफेस में एडमिन के लिए एक बैनर या सूचना प्रदर्शित कर सकता है, ताकि वे जरूरी डिस्क्लोजर के बारे में समय रहते जान सकें। बता दें कि फिलहाल यह फीचर टेस्टिंग चरण में है और इसके व्यापक रोलआउट से जुड़ी आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।