Gujarat University Anti-Suicide Fan: देश के कई शिक्षा संस्थानों में छात्रों की आत्महत्या के मामले एक बार फिर गंभीर चिंता का विषय बने हुए हैं। IIT से लेकर कई कॉलेजों तक में छात्रों की मौत के मामलों के बीच मानसिक स्वास्थ्य और उनकी सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इसी बीच गुजरात की एक यूनिवर्सिटी के हॉस्टल का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। वीडियो में खास तरह के पंखे दिखाई दे रहे हैं, जिन्हें एंटी-सुसाइड फैन बताया जा रहा है। दावा है कि इन पंखों पर एक तय सीमा से ज्यादा वजन पड़ने पर ये नीचे आ जाते हैं। आखिर क्या है इन पंखों की खासियत और क्या ऐसे इंतजाम छात्रों की सुरक्षा के लिए काफी हैं? आइए जानते हैं।

हॉस्टल में लगाए गए खास पंखे

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में हॉस्टल के कमरे की छत पर लगा एक पंखा दिखाई देता है। वीडियो में एक व्यक्ति पंखे को नीचे की ओर खींचता है, जिसके बाद पंखा अपनी जगह से नीचे आ जाता है। वीडियो के साथ किए गए दावे के मुताबिक, 10 किलो से ज्यादा वजन पड़ने पर पंखा नीचे आ जाता है।

इसकी बनावट में स्प्रिंग सिस्टम का इस्तेमाल नजर आता है। बताया जा रहा है कि इस तकनीक का उद्देश्य पंखे पर अधिक भार पड़ने की स्थिति में जोखिम को कम करना है। हालांकि, वीडियो में किए गए दावे और इस सुरक्षा व्यवस्था की अधिकारीक पुष्टि होना बेहद जरूरी है।

सिर्फ पंखे बदलने से दूर होगी समस्या?

छात्रों की आत्महत्या के मामले केवल सुरक्षा इंतजामों तक सीमित नहीं हैं। पढ़ाई का दबाव, परीक्षाओं की चिंता, अकेलापन और निजी परेशानियां भी छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकती हैं। ऐसे में एंटी-सुसाइड फैन जैसे सुरक्षा उपाय जोखिम कम करने में मददगार हो सकते हैं, लेकिन इन्हें पूरी समस्या का समाधान नहीं माना जा सकता।

सोशल मीडिया पर क्या बोले यूजर्स?

वीडियो पर कुछ यूजर्स ने इस पहल को छात्रों की सुरक्षा की दिशा में जरूरी कदम बताया है। वहीं, कई लोगों का कहना है कि केवल पंखे बदलने से आत्महत्या जैसी गंभीर समस्या का समाधान नहीं होगा। छात्रों पर पढ़ाई का दबाव कम करना, नियमित काउंसलिंग उपलब्ध कराना और उनकी परेशानियों को गंभीरता से सुनना भी जरूरी है।

सुरक्षा इंतजाम क्यों जरूरी ?

छात्रों की सुरक्षा के लिए सुरक्षा इंतजामों के साथ-साथ एक ऐसा माहौल बनाना भी जरूरी है, जहां वे बिना डर और झिझक के अपनी परेशानी साझा कर सकें। समय पर मदद, संवेदनशील व्यवहार और मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं ही छात्रों को बेहतर सहारा दे सकती हैं।

ये भी पढ़ें: रोटी ठंडी होने पर भी नहीं होगी सख्त! मुलायम रोटी बनाने का आसान तरीका