Tips For Prevent Roti From Drying: घर में अक्सर रोटियां बनाते समय देखा जाता है कि तवे से उतरते ही वे नरम और फूली हुई होती हैं, लेकिन कुछ घंटे बाद उनका स्वाद और बनावट बदलने लगती है। रोटियां सूखकर सख्त हो जाती हैं और दोबारा गर्म करने पर भी पहले जैसी नरमी नहीं आती। इसकी वजह आटे में नमी की कमी, रोटी को ज्यादा सेंकना और सही तरीके से स्टोर न करना हो सकता है। कुछ आसान बातों का ध्यान रखकर रोटियों को लंबे समय तक नरम रखा जा सकता है।

आटा गूंथते समय रखें नमी का ध्यान

नरम रोटी बनाने के लिए आटा न ज्यादा सख्त होना चाहिए और न ही बहुत गीला। आटा गूंथते समय हल्का गुनगुना पानी थोड़ा-थोड़ा डालें। इससे आटा नरम और लचीला बनेगा। आटा गूंथने के बाद उसे 15-20 मिनट तक ढककर रख दें। इससे आटे को नमी सोखने और आराम करने का समय मिलता है।

तवे का तापमान रखें सही

बहुत तेज आंच पर रोटी सेंकने से उसकी बाहरी परत जल्दी सूख सकती है। वहीं, धीमी आंच पर ज्यादा देर तक सेंकने से रोटी सख्त हो सकती है। इसलिए तवे को अच्छी तरह गर्म करें और रोटी को मध्यम से तेज आंच पर सेंकें। रोटी को जरूरत से ज्यादा देर तक तवे पर न छोड़ें।

रोटी बनते ही करें ढककर स्टोर

तवे से उतरने के बाद रोटियों को खुला छोड़ने से उनकी नमी धीरे-धीरे कम होने लगती है। इसलिए रोटियों को एक के ऊपर एक रखें और साफ सूती कपड़े से ढक दें। इससे नमी बनी रहती है और रोटियां जल्दी सूखती नहीं हैं।

स्टोर करने का तरीका भी है जरूरी

रोटियों को रखने के लिए साफ, सूखे कपड़े या ढक्कन वाले इंसुलेटेड कंटेनर का इस्तेमाल कर सकते हैं। बहुत गर्म रोटियों को एयरटाइट डिब्बे में बंद करने से भाप जमा होकर वे गीली हो सकती हैं। इसलिए नमी और गर्माहट का संतुलन बनाए रखें।

दोबारा गर्म करते समय अपनाएं सही तरीका

अगर रोटियां खाने के समय सख्त लगें, तो उन्हें तवे पर हल्का गर्म करें या ढके हुए बर्तन में थोड़ी भाप देकर नरम करने की कोशिश करें। इससे उनकी बनावट में सुधार हो सकता है।

ये भी पढ़ें: बच्चा सोते समय बिस्तर गीला क्यों करता है? हर माता-पिता को जाननी चाहिए