Viral News: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक रेलवे स्टेशन का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर पहले आपकी आंखें नम हो जाएंगी और फिर चेहरे पर मुस्कान आ जाएगी। इस वीडियो में एक वड़ा पाव बेचने वाले की मेहनत और एक पैसेंजर की ईमानदारी लोगों का दिल जीत रही है। छोटी-सी यह घटना इंटरनेट पर इंसानियत और भरोसे की एक खूबसूरत मिसाल बन गई है।
चलती ट्रेन के पीछे दौड़ पड़ा वेंडर
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि रेलवे प्लेटफॉर्म से एक ट्रेन धीरे-धीरे आगे बढ़ने लगती है। इसी दौरान वड़ा पाव बेचने वाला एक लड़का हाथ में ऑर्डर लेकर ट्रेन के पीछे दौड़ पड़ता है। ट्रेन की रफ्तार लगातार बढ़ रही होती है, लेकिन वेंडर किसी तरह अपना ऑर्डर पूरा करने की कोशिश करता है। आखिरकार वह चलती ट्रेन के गेट पर खड़े पैसेंजर तक वड़ा पाव पहुंचा देता है।
पेमेंट के लिए निकाला QR कोड
वड़ा पाव देने के बाद जब पेमेंट की बारी आती है, तो पैसेंजर ऑनलाइन पैसे देने की बात कहता है। वेंडर तुरंत अपनी जेब से QR कोड निकालकर उसे दिखाता है। हालांकि, तब तक ट्रेन प्लेटफॉर्म से काफी आगे निकल चुकी होती है। वेंडर वहीं खड़ा रह जाता है और उसे देखकर लगता है कि शायद अब उसे अपने पैसे नहीं मिल पाएंगे।
पैसेंजर की ईमानदारी ने जीत लिया दिल
लेकिन कहानी में आगे जो होता है, वह लोगों को भावुक कर रहा है। चलती ट्रेन में मौजूद पैसेंजर अपना फोन निकालता है, QR कोड स्कैन करता है और वड़ा पाव के 30 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर देता है। पैसेंजर की इस छोटी-सी पहल ने साबित कर दिया कि ईमानदारी आज भी जिंदा है। उसने न केवल वेंडर की मेहनत की कद्र की, बल्कि उसके भरोसे को भी कायम रखा।
5 करोड़ से ज्यादा बार देखा गया वीडियो
इंस्टाग्राम पर यह वीडियो @tanishq__vaidya नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। खबर लिखे जाने तक वीडियो को 5 करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है और 26 लाख से अधिक लाइक्स मिल चुके हैं। वीडियो के साथ लिखा है, मजदूरी नहीं मजबूरी होती है, जबकि स्क्रीन पर लिखा टेक्स्ट है, पैसे ऐसे ही नहीं मिलते।
View this post on Instagram
कमेंट सेक्शन में लोग वेंडर की मेहनत और पैसेंजर की ईमानदारी की जमकर तारीफ कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "उसने आप पर भरोसा किया और आपने उसका मान रखा। वहीं, दूसरे यूजर ने इसे ईमानदारी की मिसाल बताया। यह वीडियो याद दिलाता है कि किसी की मेहनत का सम्मान करना और अपना वादा निभाना ही इंसानियत की असली पहचान है।
ये भी पढ़ें: इस तरीके से बनाएं मिर्च का अचार, स्वाद ऐसा कि उंगलियां चाटते रह जाएंगे!