Garba celebrations in Karachi: भारत में नवरात्रि और दशहरे का त्योहार भले ही संपन्न हो चुका है, लेकिन पड़ोसी देश पाकिस्तान के कराची से नवरात्रि उत्सव की ऐसी तस्वीरें सामने आई हैं, जो लोगों का ध्यान खींच रही हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में लोग पूरे उत्साह के साथ गरबा खेलते और मां दुर्गा की पूजा करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को देखने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स भी अपनी हैरानी और खुशी जाहिर कर रहे हैं।
सजे पंडाल में महिलाओं ने किया गरबा
दरअसल, पाकिस्तान के हिंदू व्लॉगर प्रीतम देवरिया ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया है। वीडियो में कुछ युवक उत्साह के साथ आसपास का नजारा दिखाते नजर आते हैं। इसके बाद कैमरे में नवरात्रि उत्सव की खूबसूरत झलक दिखाई देती है। पंडाल को सजाया गया है, जहां मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई है और श्रद्धालु पूजा-अर्चना करते दिखाई दे रहे हैं।
वहीं, पारंपरिक चनिया-चोली पहने महिलाएं समूह में गरबा करती नजर आती हैं। पूरे आयोजन में उत्सव जैसा माहौल दिखाई दे रहा है। लोग संगीत की धुन पर झूमते और नवरात्रि की खुशियां मनाते दिख रहे हैं। बॉलीवुड गानों पर लोगों के डांस करने की झलक भी इस उत्सव को खास बना रही है।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे वीडियो
यह पहली बार नहीं है जब पाकिस्तान के कराची से नवरात्रि उत्सव की तस्वीरें सामने आई हैं। इससे पहले भी सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो वायरल हुए थे, जिनमें श्रद्धालु मां दुर्गा की पूजा करते और मेले में शामिल होते दिखाई दिए थे। इन आयोजनों से पाकिस्तान में रहने वाले हिंदू समुदाय की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं की झलक मिलती है।
अब अंधभक्तों का क्या होगा पाकिस्तान में भी लोग नवरात्रि में गरबा कर रहे हैं..... https://t.co/cwLrWoSSTH
— Alka Maurya (@MauryaAlka76391) October 17, 2026
पाकिस्तान में हिंदू समुदाय के लोग विभिन्न धार्मिक त्योहार मनाते हैं। नवरात्रि के दौरान पूजा-पाठ, गरबा और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम उनके लिए आस्था और सामुदायिक मेलजोल का महत्वपूर्ण हिस्सा होते हैं।
सोशल मीडिया पर यूजर्स ने दी प्रतिक्रिया
वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई यूजर्स ने कराची में नवरात्रि के इस उत्सव को देखकर खुशी जताई है। कुछ लोगों ने लिखा कि उन्हें पाकिस्तान में इस तरह धूमधाम से गरबा होने की जानकारी नहीं थी। वहीं, अन्य यूजर्स ने उत्सव की तस्वीरों की तारीफ करते हुए कहा कि गरबा का रंग अब पाकिस्तान में भी दिखाई दे रहा है।
ये भी पढ़ें: दीवाली से पहले मकड़ी के जाले करें साफ, मां लक्ष्मी की कृपा से होगी पैसों की बरसात!