UP Election 2027: यूपी चुनाव 2027 के चुनाव से पहले सियासी संग्राम तेज हो गया है। बेरोजगारी, महंगाई और महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दे इन दिनों काफी चर्चा में है। इसी कड़ी में सपा की नेता डिंपल यादव ने महिलाओं से जुड़ी योजना का ऐलान किया है। जो महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने में मददगार साबित होगी।
स्त्री सम्मान समृद्धि योजना शुरू करेंगी डिंपल यादव
जानकारी के अनुसार, मैनपुरी से सासंद डिंपल यादव ने कहा है कि पार्टी स्त्री सम्मान समृद्धि योजना शुरू करेगी, जिसकी रकम 40 हजार रुपये होगी। यह धनराशि हर साल बढ़ेगी। आगे महिलाओं की तरक्की की बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि आधी आबादी के बिना देश की तरक्की अधूरी है। और हम महिलाओं के लिए स्त्री समृद्धि योजना शुरू करेंगे। हमारी सरकार में जो फैसले लिए गए थे आज भी वे यूपी सरकार के लिए उदाहरण बना हुआ है।
1090 को मजबूत करने का वादा
अखिलेश यादव ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए सपा सरकार के दौरान शुरू किए गए 1090 सिस्टम का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हाल में यूपी आए जापानी डेलिगेशन को भी 1090 सिस्टम दिखाया गया था। अखिलेश ने इसे आधी आबादी की स्वतंत्रता और सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल बताया। सत्ता में लौटने पर 1090 को फिर मजबूत करने और पुलिस बल में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का वादा किया गया।
छात्राओं को लैपटॉप, बंद स्कूल होंगे शुरू
सपा ने आठवीं कक्षा तक बंद किए गए स्कूलों को दोबारा खोलने की बात कही। इंटरमीडिएट की परीक्षा पास करने वाली छात्राओं को लैपटॉप देने का भी ऐलान किया गया। इसके अलावा महिलाओं और बच्चों के लिए एंबुलेंस सेवा शुरू करने तथा प्रत्येक जिले में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल बनाने की बात कही गई।
यह भी पढ़ें: राजस्थान के मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा स्वाइन फ्लू से संक्रमित, ICU में भर्ती
'PDA में A का मतलब आधी आबादी'
डिंपल यादव ने कहा कि PDA में ‘A’ का मतलब आधी आबादी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान और आत्मनिर्भरता की गारंटी होनी चाहिए। उनके मुताबिक, हर उम्र की महिला को सम्मान के साथ सिर उठाकर जीने का अधिकार मिलना चाहिए। अखिलेश यादव ने इस दौरान बीजेपी पर भी निशाना साधा और कहा कि महिलाओं को लेकर केवल नारे नहीं, बल्कि ठोस काम होना चाहिए। प्रेस कॉन्फ्रेंस में सांसद प्रिया सरोज, इकरा हसन और अन्य महिला नेता भी मौजूद रहीं।