Kirodi Lal Meena Swine Flu: राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा स्वाइन फ्लू से संक्रमित पाए गए हैं। संक्रमण की पुष्टि होने के बाद उन्हें उपचार के लिए जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों के अनुसार, मंगलवार देर रात उनकी हालत को देखते हुए उन्हें ICU में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले मंत्री की स्वाइन फ्लू की जांच कराई गई थी। जांच रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद चिकित्सकों की सलाह पर उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया। फिलहाल चिकित्सकों की एक विशेष टीम उनके स्वास्थ्य की लगातार निगरानी कर रही है।
चिकित्सकों की निगरानी में उपचार
सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दीपक माहेश्वरी ने बताया कि मीणा का स्वाइन फ्लू प्रोटोकॉल के तहत उपचार किया जा रहा है। उनके स्वास्थ्य की स्थिति पर नजर रखने के लिए आवश्यक जांचें कराई जा रही हैं। मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. महेंद्र अग्रवाल के नेतृत्व में गठित टीम उनके उपचार और स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है।
डॉक्टरों के मुताबिक, संक्रमण को देखते हुए मंत्री को पर्याप्त आराम और चिकित्सकीय निगरानी में रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अस्पताल में उनके उपचार के दौरान स्वाइन फ्लू से संबंधित सभी आवश्यक प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है।
परिवार और लोगों से दूरी की सलाह
संक्रमण फैलने की आशंका को देखते हुए डॉक्टरों ने कृषि मंत्री को फिलहाल लोगों और परिवार के सदस्यों से मिलने से बचने की सलाह दी है। अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकीय टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
मीणा के स्वास्थ्य को लेकर उनके समर्थकों और राजनीतिक सहयोगियों में चिंता है। हालांकि, चिकित्सकों की ओर से उनका निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत उपचार किए जाने और जरूरी जांच कराए जाने की जानकारी दी गई है। आने वाले दिनों में उनकी स्वास्थ्य स्थिति के आधार पर चिकित्सक आगे की उपचार रणनीति तय करेंगे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने फोन से मीणा के अस्वस्थ की ली जानकारी
राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के अस्वस्थ होने की खबर के बाद प्रदेश की राजनीति में उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता देखने को मिली। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने फोन पर उनसे बातचीत कर कुशलक्षेम पूछी और बेहतर इलाज के लिए एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल दीपक माहेश्वरी को आवश्यक निर्देश दिए। इससे पहले मुख्यमंत्री ने मंगलवार रात उनके भाई जगमोहन मीणा से भी फोन पर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली थी। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया के माध्यम से डॉ. मीणा के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। राजस्थान के कई नेताओं और समर्थकों ने भी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
ये भी पढ़ें: NEET PG 2026 एडमिट कार्ड जारी, natboard.edu.in से ऐसे करें डाउनलोड
स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की बढ़ाई चिंता
राजस्थान में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। अगस्त 2026 के पहले पखवाड़े तक प्रदेश में इसके 129 मामले सामने आ चुके हैं, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में महज 16 मामले दर्ज किए गए थे। आंकड़ों के मुताबिक, एक साल में स्वाइन फ्लू के मामलों में करीब आठ गुना वृद्धि हुई है। तेजी से बढ़ते संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत पड़ोसी राज्यों में संक्रमण के मामले बढ़ने के बाद राजस्थान में भी स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। अस्पतालों को संक्रमण से निपटने के लिए आइसोलेशन बेड और आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाएं तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं