Medhavi Bidhuri: महिला दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 में खेल रहीं मेधावी बिधूड़ी सोशल मीडिया की स्टार बन चुकी हैं। डब्लूडीपीएल 2026 में 20 अगस्त को साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स के खिलाफ खेलते हुए विकेट हासिल किया था और जश्न अपने ही खास अंदाज में मनाया।
उनके विकेट सेलिब्रेशन का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। फैंस मेधावी के इस क्यूट जश्न को काफी पसंद कर रहे हैं तो इसी बीच मेधावी ने भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली से एक बेहद प्यारी मांग कर डाली है।
मुझे फॉलोबैक करो प्लीज-मेधावी
20 साल की युवा लेग स्पिनर मेधावी बिधूड़ी के अनोखे सेलिब्रेशन वाले अंदाज पर फैंस अपना दिल खोलकर प्यार लुटा रहे हैं। इसी बीच युवा खिलाड़ी ने डब्ल्यूडीपीएल के दौरान पत्रकारों से बातचीत की। 'मेरे अब कई फॉलोअर्स हैं, लेकिन मैं चाहती हूं कि विराट कोहली मुझे फॉलोबैक करें।'
बता दें कि, मेधावी अभी तक पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली से मिल नहीं पाई है, लेकिन वह चाहती हैं कि वह जल्दी कोहली से मिले। 'मैं अभी तक विराट कोहली से नहीं मिली हूं। जब मैं डीडीसीए में वर्कआउट कर रही थी, तब वो भी वहां मौजूद थे, लेकिन हम मिल नहीं सके।'
कोहली-मिताली को मानती हैं प्रेरणास्त्रोत
पत्रकारों से वार्ता के दौरान मेधावी बिधूड़ी ने यह भी खुलासा किया कि वह विराट कोहली और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान मिताली राज को अपना प्रेरणास्त्रोत मानती हैं। जब उन्हें पूछा गया कि ऐसा क्यों तो उन्होंने कहा, ‘’क्योंकि विराट कोहली दिल्ली के हैं, इसलिए और मिताली राज बहुत धैर्यवान हैं और मैंने उनके साथ कई कैंप्स किए हैं, जिसका वह भी हिस्सा रहीं।’’
RCB से खेलना चाहती हैं मेधावी
लेग स्पिनर मेधावी बिधूड़ी ने न सिर्फ अपने क्यूट सेलिब्रेशन से, बल्कि अपने खेल से भी सभी को काफी प्रभावित किया है। बिधूड़ी महिला प्रीमियर लीग में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलना चाहती हैं और इसकी मुख्य वजह विराट कोहली हैं।
कोहली भी आरसीबी के लिए खेलते हैं और मेधावी भी इसी टीम से खेलना चाहती हैं। 20 साल की खिलाड़ी ने कहा, 'कोई भी टीम मुझे चुने तो खुशी होगी। मगर मेरी निजी पसंदीदा टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु है। मैं वहां कई लोगों को जानती हूं। वहां विराट भी हैं, शायद इसलिए भी।'
ये भी पढ़ें- रोहित-विराट ही नहीं, इन दो खिलाड़ियों के साथ भी गौतम कर रहे हैं नाइंसाफी, पूर्व खिलाड़ी ने उठाए गंभीर सवाल