Bihar Flood Alert: नेपाल के ऊपरी कैचमेंट क्षेत्र में फ्लैश फ्लड की स्थिति बनने और गंडक नदी के जलप्रवाह में अचानक बढ़ोतरी की आशंका के बीच बिहार में प्रशासन को अलर्ट कर दिया गया है। गंडक नदी से जुड़े जिलों में संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

मुख्य सचिव ने की हाई लेवल बैठक
बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में बुधवार को हाई लेवल समीक्षा बैठक हुई। इसमें गंडक नदी से प्रभावित होने वाले संबंधित जिलों के जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए। बैठक में हालात की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पूरी तरह सतर्क रहने और बचाव एवं राहत कार्यों से जुड़ी सभी तैयारियां पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

नेपाल के कई जिलों में फ्लैश फ्लड का हाई रिस्क
आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक, नेपाल के रसुवा, नुवाकोट, धादिंग, गोरखा, लमजुंग और तनहूं जिलों में गंडक कैचमेंट के तहत फ्लैश फ्लड का हाई रिस्क बताया गया है। वहीं दोलखा और सिंधुपालचोक जिलों में कोसी कैचमेंट क्षेत्र के लिए भी फ्लैश फ्लड का खतरा जताया गया है। ऐसे में नेपाल से आने वाले पानी के कारण बिहार में अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी गई है।

गंडक बैराज के सभी गेट से पानी छोड़ा जाएगा
स्थिति को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने गंडक बैराज और उससे जुड़े नहरों के सभी गेट से पानी छोड़ने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य उपलब्ध जलप्रवाह का सुरक्षित और प्रभावी प्रबंधन करना है। जल संसाधन विभाग के अधिकारियों और इंजीनियरों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। खासतौर पर तटबंधों और अन्य जल संसाधन ढांचों की स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा गया है।

सरकार बोली- घबराने की जरूरत नहीं
राज्य सरकार ने लोगों से घबराने की अपील नहीं की है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और संभावित बाढ़ से निपटने के लिए जरूरी संसाधन एवं बचाव दल पहले से तैयार किए जा रहे हैं। सरकार ने लोगों से अफवाहों से बचने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील करते हुए कहा है कि सतर्क रहें, लेकिन किसी तरह की दहशत न फैलाएं। 

 

और पढ़ें: नेपाल में अचानक फटी कुदरत की आफत, बाढ़ ने मचाई तबाही; 7 की मौत, 41 से ज्यादा लोग लापता