Ganesh Chaturthi 2026 Modak: गणेश चतुर्थी का त्योहार पूरे देश में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस खास अवसर पर भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा की जाती है और उन्हें तरह-तरह के भोग अर्पित किए जाते हैं। इन भोगों में मोदक का विशेष महत्व माना जाता है। मान्यता है कि मोदक भगवान गणेश को बेहद प्रिय हैं। बाजार में मिलने वाले मोदक स्वादिष्ट जरूर होते हैं, लेकिन घर पर अपने हाथों से बनाए गए ताजे मोदक का स्वाद और भी खास होता है।

उकडीचे मोदक है बेहद खास

मोदक कई तरह से बनाए जाते हैं, लेकिन पारंपरिक उकडीचे मोदक अपनी मुलायम चावल के आटे की परत और नारियल-गुड़ की स्वादिष्ट भरावन के लिए खास पसंद किए जाते हैं। अगर आप भी इस गणेश चतुर्थी पर बप्पा को घर का बना भोग लगाना चाहते हैं, तो ये आसान रेसिपी को जरूर ट्राई करें।

नारियल-गुड़ की भरावन ऐसे करें तैयार

सबसे पहले एक पैन में थोड़ा घी गर्म करें। इसमें कद्दूकस किया हुआ नारियल डालकर कुछ देर हल्का भूनें। इसके बाद इसमें गुड़ डालें और धीमी आंच पर पकाएं। गुड़ पिघलने के बाद नारियल के साथ अच्छी तरह मिल जाएगा। अब इसमें इलायची पाउडर और बारीक कटे हुए मेवे डालकर अच्छी तरह मिलाएं। ध्यान रखें कि मिश्रण को ज्यादा देर तक न पकाएं, वरना भरावन सूखी हो सकती है। तैयार मिश्रण को ठंडा होने के लिए अलग रख दें।

मुलायम आटा तैयार करना है जरूरी

अब मोदक की बाहरी परत तैयार करें। एक पैन में पानी, थोड़ा घी और एक चुटकी नमक डालकर उबालें। उबाल आने पर आंच धीमी कर दें और धीरे-धीरे चावल का आटा डालते हुए लगातार चलाते रहें, ताकि गांठें न पड़ें। गैस बंद करके मिश्रण को कुछ मिनट ढककर रखें। हल्का ठंडा होने पर इसे हाथों से अच्छी तरह गूंदकर मुलायम आटा तैयार करें। जरूरत पड़ने पर हाथों पर थोड़ा घी या पानी लगा सकते हैं।

ये भी पढ़ें:  UPSSSC Computer Operator भर्ती 2026 28 सितंबर तक आवेदन, जानें कैसे करें आवेदन

मोदक को दें सुंदर आकार

आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं। एक लोई को हथेली पर रखकर उंगलियों की मदद से कटोरी जैसा आकार दें। इसके बीच में नारियल-गुड़ की भरावन रखें। अब किनारों पर छोटी-छोटी पंखुड़ियां बनाते हुए उन्हें ऊपर की ओर मोड़ें और सभी किनारों को जोड़कर मोदक का आकार दें। आप चाहें तो मोदक के सांचे की मदद भी ले सकते हैं।

10-15 मिनट में तैयार होंगे मोदक

तैयार मोदक को स्टीमर में रखें और करीब 10 से 15 मिनट तक भाप में पकाएं। जब बाहरी परत हल्की चमकदार और मुलायम दिखाई देने लगे, तो समझ लें कि मोदक तैयार हैं। इन्हें स्टीमर से निकालकर ऊपर से थोड़ा घी लगाएं। चाहें तो केसर या कटे हुए मेवों से सजाकर भगवान गणेश को भोग लगाएं। घर पर बने ये ताजे उकडीचे मोदक स्वाद के साथ त्योहार की खुशियों को भी दोगुना कर देंगे।