भारतीय वायु सेना के 94वें स्थापना दिवस के मौके पर आज वाराणसी में भव्य एयर शो आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर करीब 12 बजे इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वे गंगा के ऊपर होने वाले हवाई प्रदर्शन को देखेंगे।

तीन दिवसीय एयर शो में दिखेगी लड़ाकू विमानों की ताकत

वाराणसी में तीन दिवसीय एयर शो की शुरुआत गुरुवार को हुई थी। हालांकि, विधान परिषद चुनाव के कारण शुक्रवार को कोई हवाई प्रदर्शन नहीं हुआ। इस कार्यक्रम में तेजस, प्रचंड हेलीकॉप्टर, सुखोई-30 एमकेआई और राफेल जैसे लड़ाकू विमान अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। इनके साथ परिवहन विमान भी आसमान में करतब दिखाएंगे।

तीनों सेनाओं के बीच तालमेल की दिखेगी झलक

इस एयर शो में भारतीय वायु सेना के अलावा भारतीय नौसेना और थल सेना के विमान भी हिस्सा लेंगे। इनके प्रदर्शन के जरिए तीनों सेनाओं के बीच तालमेल और संयुक्त अभियान की क्षमता को दिखाया जाएगा। इसके अलावा, सूर्य किरण एयरोबैटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम भी अपने शानदार हवाई करतबों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।

पीएम मोदी के स्वागत के लिए खास तैयारियां

प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए पुलिस लाइन से नमो घाट तक कई जगहों पर स्वागत केंद्र बनाए गए हैं। उनके यात्रा मार्ग पर ढोल-नगाड़े, डमरू वादन और शंखनाद के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान ‘जय श्रीराम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे भी गूंजेंगे। कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर प्रधानमंत्री का स्वागत करने की तैयारी है।

ये भी पढ़ें- France में महंगाई पर बवाल! 4.10 लाख लोग सड़कों पर उतरे, 1,000 गिरफ्तार

वाराणसी के बाद भुवनेश्वर जाएंगे प्रधानमंत्री

वाराणसी में कार्यक्रम पूरा करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के लिए रवाना होंगे। वहां वे भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नए डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन करेंगे। इस संस्थान का उद्देश्य साइबर सुरक्षा से जुड़े प्रशिक्षण और तैयारियों को मजबूती देना है।