Vijayadashami : आज देशभर में विजयदशमी का पर्व मनाया जाएगा। बुराई पर अच्छाई की जीत के इस पर्व को लेकर लोगों में अलग ही उत्साह देखने को मिलता है। देश के अलग-अलग राज्यों में 9 दिन से लगातार रामलीला का आयोजन हो रहा है। जिसमें रामायण के मुख्य अंश का चित्रण किया गया। सोने की लंका जलाने से लेकर आ रावण वध तक लोग जोश के साथ रामलीला के मंचन का आनंद लेते हैं।

इसी के साथ देशवासियों को विजयादशमी पर्व की शुभकामनाएं देने का सिलसिला भी शुरु हो चुका है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी देश और प्रदेशवासियों को विजयादशमी की बधाई दी है।

राष्ट्रपति ने दिया संदेश

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को विजयदशमी पर भारतीयों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भारत की सांस्कृतिक परंपराओं के आदर्शों को बनाए रखने के साथ-साथ समावेशी समाज और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। राष्ट्रपति ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा- देश और विदेश में रहने वाले भारतीयों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। विजयदशमी के शुभ अवसर पर, मैं देश और विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों को हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं,

त्योहार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने लिखा कि विजयदशमी भगवान श्री राम की रावण पर विजय का प्रतीक है। अधर्म और अन्याय व धर्म और न्याय की जीत का उत्सव है। भगवान श्री राम को धर्म और नैतिक आचरण के प्रतीक के रूप में पूजा जाता है। यह त्योहार अधर्म और अन्याय पर धर्म और न्याय की विजय का उत्सव है। उन्होंने इस अवसर पर सभी नागरिकों की खुशी, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना भी की।

पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री मोदी ने आज विजयादशमी के अवसर पर देशवासियों को शुभकामना संदेश दिया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर लिखा- आप सभी को विजयादशमी की अनंत शुभकामनाएं। उल्लास और विश्वास का यह विजय पर्व हर किसी के संकल्प को नई शक्ति प्रदान करे। सभी का जीवन सुख-सौभाग्य और सफलता से समृद्ध हो, यही कामना है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा-'बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है'

देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विजयादशमी की शुभकामनाएं दी है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर लिखा- आप सभी को विजयादशमी के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं. विजयादशमी का पर्व अधर्म पर धर्म, असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। यह पर्व हमारी आस्था, सभ्यता और सांस्कृतिक परंपरा का उत्सव भी है। मेरी ईश्वर से कामना है कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाए तथा समाज में सद्भाव और सौहार्द में अभिवृद्धि करे।

यतो धर्मस्ततो जय: CM योगी ने दी शुभकामनाएं

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने लिखा, यतो धर्मस्ततो जयः मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम के आदर्शों व जीवन-मूल्यों का स्मरण कराने वाले पावन पर्व विजयादशमी की समस्त प्रदेश वासियों और श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह पर्व हमें अहंकार एवं नकारात्मकता का त्याग कर सत्य, सदाचार और लोकमंगल के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। प्रभु श्री राम से सभी के जीवन में सुख, शांति एवं मंगल की कामना है। जय श्री राम।

 

यह भी पढ़ें: महानवमी पर माता रानी किस राशि पर बरसाएंगी कृपा, कौन सी राशि को मिलेगा धन और सफलता अपार?