Police Commemoration Day 2026: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 21 अक्टूबर को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय पुलिस स्मारक में शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि देंगे। इस मौके पर वह करीब 90 पुलिस राइडर्स की मोटरसाइकिल रैली को भी हरी झंडी दिखाएंगे। यह रैली देशभर में चलाए जा रहे ‘नशे के खिलाफ लड़ाई’ अभियान का हिस्सा है।
गृह मंत्रालय के मुताबिक, रैली में विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिसकर्मी, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और कुछ केंद्रीय पुलिस संगठनों के जवान शामिल होंगे। इनमें जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के राइडर्स के अलावा सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, बीएसएफ, एसएसबी, आईटीबीपी और एनएसजी के जवान भी हिस्सा लेंगे।
राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर होगा मुख्य कार्यक्रम
21 अक्टूबर को पुलिस स्मरण दिवस के अवसर पर देशभर में शहीद पुलिसकर्मियों को याद किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम चाणक्यपुरी स्थित राष्ट्रीय पुलिस स्मारक में आयोजित होगा। यहां केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और दिल्ली पुलिस की संयुक्त परेड होगी। परंपरा के मुताबिक, गृह मंत्री कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री, पुलिस पृष्ठभूमि वाले सांसद, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और केंद्रीय पुलिस संगठनों के प्रमुख, सेवानिवृत्त पुलिस महानिदेशक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी और अमित शाह उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे।
1959 में शहीद हुए थे 10 पुलिसकर्मी
पुलिस स्मरण दिवस का संबंध 21 अक्टूबर 1959 की उस घटना से है, जब लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स इलाके में भारी हथियारों से लैस चीनी सैनिकों के घात लगाकर किए गए हमले में 10 भारतीय पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे। उन्हीं के बलिदान की याद में हर साल 21 अक्टूबर को पुलिस स्मरण दिवस मनाया जाता है, पुलिसकर्मियों के योगदान और देश की सुरक्षा में उनकी भूमिका को सम्मान देने के लिए प्रधानमंत्री ने 2018 में नई दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित राष्ट्रीय पुलिस स्मारक राष्ट्र को समर्पित किया था। इस स्मारक में एक केंद्रीय मूर्तिकला, ‘वॉल ऑफ वैलर’ यानी शौर्य दीवार और एक संग्रहालय है। करीब 30 फुट ऊंचा ग्रेनाइट का स्मृति स्तंभ पुलिस बलों की मजबूती, साहस और सेवा का प्रतीक है। वहीं, शौर्य दीवार पर स्वतंत्रता के बाद ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों के नाम अंकित हैं।
22 से 30 अक्टूबर तक होंगे कई आयोजन
गृह मंत्रालय के अनुसार, श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद 22 से 30 अक्टूबर तक राष्ट्रीय पुलिस स्मारक में कई स्मरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों के दौरे, पुलिस बैंड प्रदर्शन, मोटरसाइकिल रैलियां, ‘रन फॉर मार्टियर्स’, रक्तदान शिविर और बच्चों के लिए निबंध व चित्रकला प्रतियोगिताएं शामिल होंगी। इसके अलावा पुलिसकर्मियों के साहस, बलिदान और सेवाओं को दिखाने वाली वीडियो फिल्में भी प्रदर्शित की जाएंगी। मंत्रालय ने बताया कि इसी अवधि में देशभर की पुलिस इकाइयां भी अपने स्तर पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित करेंगी।