Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्था में आज एक अहम बदलाव होने जा रहा है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नवनियुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जितेंद्र मिश्र मंगलवार, 8 सितंबर को विधिवत अपना कार्यभार संभालेंगे। लेकिन नई जिम्मेदारी संभालने से पहले वह रामलला के दर्शन और पूजन करेंगे। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के बीच व्यवस्थाओं को सुचारू रखना उनके सामने बड़ी जिम्मेदारी होगी।
रामलला के दर्शन के बाद संभालेंगे जिम्मेदारी
अयोध्या राम मंदिर की प्रशासनिक और वित्तीय व्यवस्था मंगलवार से मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) व सेवानिवृत्त एयर मार्शल जीतेन्द्र मिश्र के हवाले हो जाएगी। नए सीईओ मंगलवार को नई दिल्ली से अयोध्या पहुंचेंगे और विशेष मुहूर्त में विधिवत कार्यभार संभालेंगे। उन्होंने स्वयं इसकी पुष्टि की है। जानकारी के मुताबिक उनका कार्यक्रम पहले राम मंदिर जाकर रामलला के दर्शन-पूजन करने का है। इसके बाद वह विशेष मुहूर्त में CEO के तौर पर अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे। बताया गया है कि वह करीब 11:40 बजे महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से सीधे राम मंदिर जाएंगे। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद मंदिर और तीर्थ क्षेत्र की प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर उनकी भूमिका काफी महत्वपूर्ण होगी।
ट्रस्ट के पहले CEO हैं जितेंद्र मिश्र
जितेंद्र मिश्र को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का पहला CEO नियुक्त किया गया है। वह भारतीय वायुसेना के सेवानिवृत्त एयर मार्शल हैं। उनकी नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब अयोध्या में राम मंदिर के साथ-साथ पूरे तीर्थ क्षेत्र में विकास और श्रद्धालु सुविधाओं से जुड़े काम लगातार बढ़ रहे हैं। CEO की नियुक्ति का उद्देश्य मंदिर और तीर्थ क्षेत्र से जुड़े प्रशासनिक कार्यों में बेहतर समन्वय और जवाबदेही सुनिश्चित करना माना जा रहा है। ट्रस्ट की ओर से CEO के कामकाज और अधिकारों को लेकर SOP भी तैयार की गई है।
श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर रहेगा फोकस
राम मंदिर में हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामलला के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में दर्शन व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और मंदिर परिसर से जुड़े प्रशासनिक कामों को बेहतर तरीके से संचालित करना CEO की अहम जिम्मेदारियों में शामिल होगा। इसके अलावा अयोध्या में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों के बीच अलग-अलग विभागों और संस्थाओं के साथ समन्वय भी महत्वपूर्ण होगा।
मुख्यमंत्री योगी से भी होगी मुलाकात
मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अयोध्या पहुंचेंगे और रामलला के दर्शन करेंगे। इस दौरान नए CEO जितेंद्र मिश्र मुख्यमंत्री की अगवानी करेंगे। CEO की जिम्मेदारी संभालने के बाद दोनों की यह महत्वपूर्ण मुलाकात होगी। मंदिर की व्यवस्थाओं और आगामी योजनाओं को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है।
पहले भी अयोध्या आ चुके हैं जितेंद्र मिश्र
जितेंद्र मिश्र इससे पहले 3 सितंबर को अयोध्या पहुंचे थे। उन्होंने रामलला के दर्शन किए और तीर्थ क्षेत्र से जुड़े अधिकारियों एवं पदाधिकारियों से मुलाकात कर मंदिर की व्यवस्थाओं की जानकारी ली थी। अब 8 सितंबर को वह औपचारिक रूप से CEO का पद संभालेंगे। उनकी नियुक्ति के बाद अब यह देखना अहम होगा कि राम मंदिर और पूरे तीर्थ क्षेत्र की प्रशासनिक व्यवस्था में किस तरह के बदलाव देखने को मिलते हैं और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर कौन-कौन से नए कदम उठाए जाते हैं।
यह भी पढ़ें: BRICS SUMMIT की रिहर्सल ने बदला दिल्ली के ट्रैफिक का हाल, कुल 22 जगहों पर बदलेगा रुट