नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क के बीच गुरुवार 22, अक्टूबर को नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता हुई। इस बैठक में भारत और पोलैंड के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने, व्यापार, निवेश, रक्षा सहयोग और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। दोनों देशों के बीच यह बातचीत भारत-पोलैंड संबंधों को नई दिशा देने के लिहाज से अहम मानी जा रही है।
द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिहाज से बैठक अहम
भारतीय प्रतिनिधिमंडल में विदेश मंत्री एस जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और विदेश सचिव विक्रम मिस्री शामिल थे। जबकि पोलैंड की ओर से प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क के साथ उनके प्रतिनिधिमंडल के सदस्य भी थे। यह बातचीत टस्क की 21 से 23 अक्टूबर तक भारत की आधिकारिक यात्रा के दौरान हो रही है, जिसका उद्देश्य व्यापार, रक्षा, टेक्नोलॉजी, अंतरिक्ष और आपसी हितों के अन्य क्षेत्रों में सहयोग को गहरा करना है।
विभिन्न पहलुओं की समीक्षा कर रणनीतिक साझेदारी पर चर्चा
इसके पहले दिन पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी और राष्ट्रपिता को समर्पित स्मारक पर माल्यार्पण किया। इसके बाद टस्क ने गुरुवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात की और कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के मुद्दों पर चर्चा की। दरअसल, दोनों देश भारत-पोलैंड द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा कर अपनी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत की है।
इंडिया-पोलैंड बिजनेस फोरम में हिस्सा लेंगे: टस्क
इस संदर्भ में एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट करते हुए कहा कि “पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क @donaldtusk से मिलकर खुशी हुई। अलग-अलग क्षेत्रों में भारत-पोलैंड के संबंध एवं सहयोग को गहरा करने पर उनके विचार शेयर करने के लिए शुक्रिया।” अपनी यात्रा के दौरान डोनाल्ड टस्क 23 अक्टूबर को नई दिल्ली में इंडिया-पोलैंड बिजनेस फोरम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद वे भारत के इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी और स्पेस सेक्टर के लीडर्स से मिलने के लिए बेंगलुरु जाएंगें।
ये भी पढ़ेें-सोनिया गांधी की Instagram पर एंट्री, अपनी यादों की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ की दिखाई पहली झलक