नोएडा: नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोगों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। गंगा एक्सप्रेसवे तक पहुंचना आने वाले समय में काफी आसान हो सकता है। सोमवार को हुई उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास विभाग की बैठक में ग्रेटर नोएडा को गंगा एक्सप्रेसवे से बेहतर तरीके से जोड़ने की योजना पर चर्चा की गई है। हालांकि अधिकारियों के मुताबिक, इस कनेक्टिविटी के तैयार होने के बाद नोएडा-ग्रेटर नोएडा से गंगा एक्सप्रेसवे तक पहुंचने में करीब 30 से 45 मिनट का समय लग सकता है।
हापुड़ बाईपास तक बनेगी 105 मीटर चौड़ी सड़क
बता दें कि ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण यानी GNIDA ने हापुड़ बाईपास तक 105 मीटर चौड़ी सड़क बनाने की योजना रखी है। इसके बाद हापुड़ बाईपास से करीब 15 किलोमीटर की नई कनेक्टिविटी विकसित करके इसे गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने का प्रस्ताव है। इससे ग्रेटर नोएडा सीधे गंगा एक्सप्रेसवे के नेटवर्क से जुड़ जाएगा।
औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक
यह प्रस्ताव 7 सितंबर 2026 को लखनऊ में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ की अध्यक्षता में हुई बैठक में अधिकारियों ने प्रस्तुत किया। साथ ही इस दौरान योजना की विस्तृत रूपरेखा पर भी चर्चा की गई। बैठक में औद्योगिक विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार समेत कई संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।
30-45 मिनट में पहुंचेगा गंगा एक्सप्रेसवे
अधिकारियों के मुताबिक, नई सड़क और आगे की कनेक्टिविटी तैयार होने के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा से गंगा एक्सप्रेसवे तक यात्रा का समय करीब 30 से 45 मिनट रह जाएगा। इससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई शहरों की ओर आने-जाने वाले लोगों को फायदा मिलेगा। हालांकि, यहां यह समझना जरूरी है कि 30-45 मिनट का समय प्रस्तावित कनेक्टिविटी पूरी होने के बाद का अनुमान है। हालांकि यह सुविधा अभी शुरू नहीं की गई है।
जेवर एयरपोर्ट तक भी बनेगी 6 लेन एलिवेटेड रोड
इसी योजना के साथ ग्रेटर नोएडा के मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स हब (MMLH) से जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक 6 लेन की एलिवेटेड सड़क बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया है। यह सड़क वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के समानांतर विकसित की जाएगी। इसका उद्देश्य लॉजिस्टिक्स हब से सामान को सीधे एयर कार्गो टर्मिनल तक पहुंचाना आसान बनाना है।
कारोबार और कनेक्टिविटी दोनों को मिलेगा फायदा
नई सड़क परियोजनाओं से ग्रेटर नोएडा की कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ-साथ औद्योगिक और लॉजिस्टिक्स गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। गंगा एक्सप्रेसवे पहले ही मेरठ से प्रयागराज तक उत्तर प्रदेश के पश्चिमी, मध्य और पूर्वी हिस्सों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण एक्सप्रेसवे बन चुका है। यानी आने वाले समय में ग्रेटर नोएडा से गंगा एक्सप्रेसवे और जेवर एयरपोर्ट—दोनों की कनेक्टिविटी को बड़ा बूस्ट मिलने वाला है।
यह भी पढ़ें: राम मंदिर के नए CEO जितेंद्र मिश्र आज संभालेंगे कार्यभार, पहले करेंगे रामलला के दर्शन