नींद की कमी का असर सिर्फ शरीर की थकान तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे दिमाग भी प्रभावित हो सकती है। पूरी नींद न मिलने पर नई चीजें सीखना और उसे लंबे समय तक याद रखने में मुश्किल होता है। हालांकि, एक स्टडी में सामने आया है कि 20 मिनट की एरोबिक एक्सरसाइज नींद की कमी के बाद भी याददाश्त को बेहतर बनाए रखने में मदद कर सकती है।
20 मिनट की एक्सरसाइज से मिल सकता है फायदा
स्टडी में 54 स्वस्थ युवाओं को शामिल किया गया। इनमें कुछ को 30 घंटे तक जागने के बाद 20 मिनट तक स्टेशनरी साइकिल चलाने के लिए कहा गया, जबकि दूसरे समूह को 90 मिनट की झपकी लेने का मौका दिया गया। इसके बाद सभी की याददाश्त का परीक्षण किया गया।
रिजल्ट में सामने आया कि एक्सरसाइज करने और झपकी लेने वालों ने बिना किसी गतिविधि के रहने वाले लोगों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया। याददाश्त के टेस्ट में उनका प्रदर्शन करीब 22 प्रतिशत बेहतर रहा। इस स्टडी में यह देखा गया कि प्रतिभागी पहले दिखाई गई तस्वीरों को कितनी अच्छी तरह पहचान पाते हैं।
कैसे काम करती है एरोबिक एक्सरसाइज?
नींद पूरी न होने पर दिमाग की नई जानकारी को समझने, सीखने और याद रखने की क्षमता प्रभावित हो सकती है। ऐसे में एरोबिक एक्सरसाइज कुछ हद तक याददाश्त को सहारा दे सकती है। हालांकि, इसके पीछे की प्रक्रिया को समझने के लिए अभी और शोध की जरूरत है।
कौन-सी एक्सरसाइज कर सकते हैं?
तेज चलना, साइकिल चलाना, डांस करना और हल्की दौड़ जैसी गतिविधियां एरोबिक एक्सरसाइज में शामिल हैं। अपनी सेहत और शारीरिक क्षमता के अनुसार इनमें से किसी गतिविधि को चुना जा सकता है। शुरुआत कम समय से करके धीरे-धीरे अवधि बढ़ाना बेहतर रहता है।
क्या एक्सरसाइज नींद की जगह ले सकती है?
एक्सरसाइज नींद का विकल्प नहीं है। यह शोध बताता है कि थोड़ी देर की कसरत नींद की कमी के बाद याददाश्त बनाए रखने में मदद कर सकती है, लेकिन इससे थकान और ध्यान की कमी पूरी तरह दूर नहीं होती। इसलिए रोजाना पूरी नींद लेना जरूरी है। अगर समस्या ज्यादा हो तो, अपने डॉक्टर को तुरंत संपर्क करें।
ये भी पढ़ें: ठंड में बच्चों को नहीं होगा कफ! अपनाएं ये असरदार घरेलू नुस्खे