यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ ( Toxic) सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने रिलीज के महज चार दिनों में 190 करोड़ रुपये से ज्यादा का नेट कलेक्शन कर लिया है। शुरुआती दिनों में जबरदस्त ओपनिंग हासिल करने वाली इस फिल्म की कमाई ने एक बार फिर यश की लोकप्रियता को साबित किया है।

चौथे दिन कितना रहा कलेक्शन?

आंकड़ों के अनुसार, ‘टॉक्सिक’ ने रिलीज के चौथे दिन करीब 24.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इस दिन फिल्म को 17,612 शोज मिले और इसकी ऑक्यूपेंसी लगभग 24.3 प्रतिशत रही। भाषा के हिसाब से देखें तो हिंदी वर्जन ने चौथे दिन 15.5 करोड़ रुपये कमाए। हिंदी वर्जन की ऑक्यूपेंसी 23 प्रतिशत रही और इसे 12,822 शोज मिले। कन्नड़ वर्जन ने करीब 6.60 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसकी ऑक्यूपेंसी 47 प्रतिशत रही और फिल्म को 1,341 शोज मिले। वहीं तमिल वर्जन ने 75 लाख रुपये, तेलुगू वर्जन ने 1.5 करोड़ रुपये और मलयालम वर्जन ने 15 लाख रुपये का कारोबार किया।

चार दिनों में 190 करोड़ से ज्यादा

‘टॉक्सिक’ का चार दिनों का नेट कलेक्शन 190.45 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। फिल्म ने अब तक करीब 227.50 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन दर्ज किया है। ओवरसीज मार्केट से फिल्म ने 27.25 करोड़ रुपये जुटाए हैं, जबकि दुनियाभर में इसकी कुल कमाई 254.75 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

चौथे दिन ‘धुरंधर’ से आगे निकली फिल्म

चौथे दिन के कलेक्शन की तुलना करें तो ‘टॉक्सिक’ ने ‘धुरंधर’ को भी पीछे छोड़ दिया है। ‘धुरंधर’ ने रिलीज के चौथे दिन 23.25 करोड़ रुपये कमाए थे। उस दिन फिल्म को 14,233 शोज मिले थे और ऑक्यूपेंसी करीब 30 प्रतिशत रही थी।

ऐसा रहा ‘टॉक्सिक’ का डे-वाइज कलेक्शन

‘टॉक्सिक’ ने पहले दिन 101.10 करोड़ रुपये की धमाकेदार शुरुआत की थी। पहले दिन फिल्म को 24,579 शोज मिले और ऑक्यूपेंसी 56.1 प्रतिशत रही, दूसरे दिन कमाई में गिरावट आई और फिल्म ने 37.65 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इस दिन 22,629 शोज के साथ ऑक्यूपेंसी 26.6 प्रतिशत रही। तीसरे दिन फिल्म ने 27.20 करोड़ रुपये कमाए। फिल्म को 19,390 शोज मिले और ऑक्यूपेंसी 25.5 प्रतिशत दर्ज की गई। चौथे दिन फिल्म ने 24.50 करोड़ रुपये जोड़े।