'भोजपुरी बवाल' में हर एपिसोड के साथ कहानी नए मोड़ ले रही है। शो में भोजपुरी सिनेमा के कई चर्चित सितारों के साथ तेजप्रताप यादव भी नजर आ रहे हैं। इन दिनों शो में निरहुआ, पवन सिंह, अक्षरा सिंह, आम्रपाली दुबे और काजल राघवानी से जुड़े किस्सों पर खास फोकस देखने को मिल रहा है। हाल के एपिसोड में तेजप्रताप यादव और मल्लिका की मुलाकात दिखाई गई थी। दोनों ने साथ में खाना खाया और इस दौरान तेजप्रताप ने मल्लिका को देसी घी भी तोहफे में दिया। अब आने वाले एपिसोड में दोनों योगा करते नजर आएंगे।
मल्लिका ने तेजप्रताप को सिखाया योगा
योगा सेशन के दौरान मल्लिका तेजप्रताप यादव को अलग-अलग आसन सिखाती दिखाई देती हैं। हालांकि, तेजप्रताप कई पोज सही तरीके से नहीं कर पाते, लेकिन मल्लिका लगातार उनका हौसला बढ़ाती रहती हैं। बातों-बातों में मल्लिका उनसे पूछती हैं कि बॉलीवुड में उन्हें किसकी फिटनेस सबसे ज्यादा पसंद है। इस पर तेजप्रताप अपनी पसंद बताते हुए मल्लिका और शिल्पा शेट्टी का नाम लेते हैं। मल्लिका मजाकिया अंदाज में दोबारा पूछती हैं कि क्या उन्हें सबसे फिट उनकी बॉडी लगती है? तेजप्रताप के हां कहने पर मल्लिका खुशी से कहती हैं कि अब बात बनी। इसके बाद मल्लिका अपनी फिटनेस को लेकर भी खुलकर बात करती हैं। वह बताती हैं कि वह अपनी दिनचर्या में काफी अनुशासन रखती हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि पर्दे पर निभाए गए किरदारों को देखकर लोग अक्सर उनकी असल जिंदगी को भी उसी नजर से देखने लगते हैं, जबकि वास्तविक जिंदगी में वह काफी अलग हैं और अपनी फिटनेस को लेकर बेहद सजग रहती हैं।
तेजप्रताप ने मल्लिका का हाथ देखकर कही ये बात
योगा सेशन के दौरान तेजप्रताप यादव मल्लिका का हाथ देखते हुए उनके भविष्य को लेकर भी टिप्पणी करते हैं। उनका कहना है कि मल्लिका का आने वाला समय अच्छा है। उन्होंने यह भी कहा कि वह काफी खर्च करती हैं और उन्हें लोगों से भावनात्मक चोट भी मिलती है।
आम्रपाली दुबे का भी दिखा अलग अंदाज
शो में आम्रपाली दुबे का एक इवेंट भी दिखाया गया। वहां उन्होंने भोजपुरी इंडस्ट्री में अपने सफर और करियर से जुड़ी बातें साझा कीं। इस दौरान उन्होंने गाना भी गाया। इवेंट के लिए आम्रपाली ने मैरून रंग की साड़ी पहनी थी। खुले बाल और गोल्ड नेकलेस के साथ उनका लुक काफी आकर्षक नजर आया।
काजल राघवानी ने ट्रोलिंग और करियर पर की बात
दूसरी ओर, काजल राघवानी शूटिंग करती दिखाई दीं। उन्हें देखने के लिए वहां बड़ी संख्या में लोग भी मौजूद थे। इसी दौरान काजल ने ट्रोलिंग और अपने करियर को लेकर अपनी बात रखी। काजल का कहना था कि अगर उन्हें किसी व्यक्ति पर आरोप लगाना ही होता, तो वह अपना करियर जोखिम में क्यों डालतीं। उन्होंने कहा कि उन्होंने अब तक बहुत कुछ सहन किया, लेकिन अब वह चुप रहने के मूड में नहीं हैं। उनके मुताबिक उन्होंने अपनी तरफ से सच सामने रखा है और लोग इन बातों को जिस तरह लेना चाहें, ले सकते हैं।
काजल ने इंडस्ट्री के भेदभाव और कमाई को लेकर कही बड़ी बात
काजल ने भोजपुरी फिल्मों में कलाकारों के साथ होने वाले व्यवहार पर भी अपनी राय रखी, उन्होंने कहा कि पहले फिल्मों में किरदारों में ज्यादा विविधता नहीं होती थी और कई बार कलाकारों की जगह डायरेक्टर तक बदल दिए जाते थे, उनका मानना है कि इंडस्ट्री में सभी लोग मेहनत करते हैं, लेकिन कमाई के मामले में हीरो को सबसे ज्यादा हिस्सा मिलता है और बाकी टीम के लिए बजट सीमित रह जाता है। काजल ने यह भी कहा कि बड़े कलाकारों के साथ काम करने के दौरान उन्हें उतनी कमाई नहीं हुई, जितनी इंडस्ट्री में उस दौर से बाहर निकलने के बाद उन्होंने हासिल की। गौरतलब है कि शो में काजल राघवानी ने आम्रपाली दुबे को लेकर भी गंभीर बातें कही थीं। काजल का आरोप था कि आम्रपाली की वजह से निरहुआ उनके साथ काम नहीं करते। इस मुद्दे पर दोनों के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली थी। अब काजल अपने अनुभवों को लेकर एक रिवेंज सॉन्ग भी लेकर आई हैं।