मुंबई: नेटफ्लिक्स की वेब सीरीज ‘मुसाफिर कैफे’ की सफलता के बाद अभिनेत्री वेदिका पिंटो इन दिनों पपराजी के बढ़ते ध्यान का सामना कर रही हैं। अभिनेत्री का कहना है कि करियर के इस शुरुआती दौर में उन्हें पहचान और प्रचार की जरूरत है, लेकिन इसके साथ ही वह अपनी निजी जिंदगी और प्राइवेसी भी बनाए रखना चाहती हैं।

एक न्यूज एजेंसी से बातचीत में वेदिका ने बताया कि वह पिछले तीन साल से जुहू स्थित एक ही जिम में वर्कआउट करने जाती हैं। वहां दूसरे सेलिब्रिटी भी आते हैं और पपराजी की मौजूदगी भी रहती है, लेकिन पहले उनका ध्यान वेदिका पर नहीं जाता था। अब ‘मुसाफिर कैफे’ की सफलता के बाद तस्वीर बदल गई है और फोटोग्राफरों को उनके जिम आने का समय भी पता चल गया है।
जिम के बाहर पपराजी को देखकर हैरान रह गईं वेदिका
वेदिका ने बताया कि हाल ही में जिम से बाहर निकलते समय पपराजी को अपने इंतजार में देखकर वह हैरान रह गईं। उन्होंने कहा कि पहले वह बिना अपने लुक की चिंता किए आराम से जिम जाती थीं और वर्कआउट के बाद पसीने से तर-बतर हालत में बाहर निकल आती थीं।

अभिनेत्री के मुताबिक, एक दिन जिम से बाहर आते ही उन्होंने देखा कि फोटोग्राफर उनकी तस्वीरें लेने के लिए इंतजार कर रहे थे। जब उन्होंने पूछा कि वे वहां क्या कर रहे हैं, तो जवाब मिला कि वे उन्हीं के लिए आए हैं।

वेदिका ने मजाकिया अंदाज में बताया कि यह देखकर उन्हें झटका लगा। उन्हें एहसास हुआ कि अब उनके आने-जाने के समय पर भी लोगों की नजर रहने लगी है। उन्होंने यह भी कहा कि कभी-कभी लगातार मिलने वाला यह ध्यान संभालना मुश्किल हो जाता है।
‘मुझे पहचान भी चाहिए और अपनी निजता भी’
पपराजी के प्रति अपना नजरिया साझा करते हुए वेदिका ने कहा कि वह समझती हैं कि फोटोग्राफर भी अपना काम कर रहे हैं। हालांकि, एक उभरती अभिनेत्री के तौर पर उनके लिए यह स्थिति थोड़ी उलझन भरी है।
उन्होंने कहा, “मैं अभी अपने करियर में आगे बढ़ रही हूं। यह मेरे लिए बेहद रोमांचक समय है और मैं आगे भी आगे बढ़ना चाहती हूं। इसके लिए मुझे पहचान और लोगों का ध्यान चाहिए, जो अच्छी बात है। लेकिन दूसरी तरफ, ऐसे पल भी आते हैं जब लगता है कि मुझे अपनी निजता भी चाहिए।”
वेदिका के मुताबिक, करियर में आगे बढ़ने के लिए सार्वजनिक पहचान जरूरी है, लेकिन निजी जिंदगी के लिए जगह बनाए रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। ऐसे में दोनों के बीच संतुलन बनाना कई बार मुश्किल हो जाता है।
ग्लोबल देसी की ब्रांड एंबेसडर बनीं वेदिका
काम के मोर्चे पर वेदिका पिंटो हाल ही में फैशन ब्रांड ग्लोबल देसी की ब्रांड एंबेसडर बनी हैं। फेस्टिव सीजन के दौरान इस साझेदारी की घोषणा की गई। वेदिका ने इस सहयोग को अपने करियर के लिए सही समय पर आया अवसर बताया। उनके मुताबिक, ब्रांड का भारतीय अंदाज और आधुनिक, प्रीमियम स्टाइल का मेल उन्हें पसंद है।

अभिनेत्री ने बताया कि उन्हें अपने रोजमर्रा के कपड़ों में भी देसी अंदाज शामिल करना अच्छा लगता है। वह जींस के साथ जूती और अलग-अलग परिधानों के साथ झुमके पहनना पसंद करती हैं। उनका कहना है कि फैशन के मामले में उनके लिए सबसे जरूरी है कि वह जो भी पहनें, उसमें सहज महसूस करें।
यह भी पढ़ें: ‘मुस्लिम हूं, नमाज नहीं पढ़ती’, धर्म को लेकर शबाना आजमी ने कही बड़ी बात