नई दिल्ली : बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी ने धर्म और आस्था को लेकर अपने विचार साझा किए हैं। उन्होंने कहा कि वह मुस्लिम हैं, लेकिन उनके परिवार में नमाज पढ़ने की परंपरा नहीं है। उनके मुताबिक, धर्म व्यक्तिगत मामला है और अगर किसी को धार्मिक आस्था से सुकून मिलता है, तो इसमें कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए।
IIMUN के यूट्यूब चैनल पर साझा बातचीत में शबाना आजमी ने अपने बचपन और परिवार में धर्म के प्रति नजरिए के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि उनके पिता, मशहूर उर्दू शायर और गीतकार कैफी आजमी नास्तिक थे, जबकि उनकी मां शौकत कैफी धार्मिक परंपराओं का पालन करती थीं, लेकिन बहुत सख्ती से नहीं।
‘जावेद अख्तर कट्टर नास्तिक हैं’
शबाना आजमी ने अपने पति और मशहूर गीतकार जावेद अख्तर के विचारों पर भी बात की। उन्होंने बताया कि जावेद अख्तर कट्टर नास्तिक हैं और धार्मिक मान्यताओं को लेकर अपनी असहमति खुलकर व्यक्त करते हैं।
शबाना ने बताया कि वह कभी-कभी बातचीत में ‘माशाअल्लाह’ और ‘इंशाअल्लाह’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल करती हैं। इस पर जावेद अख्तर उनसे सवाल करते हैं कि अगर कोई हर समय ‘प्रभु जी की मर्जी’ कहे, तो उन्हें कैसा लगेगा। शबाना के मुताबिक, उनके लिए ये शब्द धार्मिक अभिव्यक्ति से ज्यादा भाषा और बोलचाल का हिस्सा हैं।
उन्होंने कहा कि अगर किसी व्यक्ति को धर्म का पालन करने से मानसिक शांति मिलती है, तो दूसरों को उसका सम्मान करना चाहिए। वहीं, जावेद अख्तर का मानना है कि अगर धार्मिक लोग अपनी मान्यताओं से दूसरों को आहत कर सकते हैं, तो नास्तिकों को भी अपनी असहमति व्यक्त करने का अधिकार है।
‘धर्म निजी मामला है’
शबाना आजमी ने स्पष्ट किया कि उन्हें धर्म के प्रति कभी विशेष जिज्ञासा नहीं रही। उन्होंने कहा, “हां, मैं मुस्लिम हूं और मुझे ईद, उर्दू और खान-पान पसंद है। लेकिन हम नमाज नहीं पढ़ते और धर्म से हमारा कोई खास जुड़ाव नहीं है।”
उन्होंने ईश्वर की अवधारणा पर भी अपनी राय रखी और कहा कि उनके लिए धर्म निजी मामला है। राज्य को इसमें दखल नहीं देना चाहिए। अगर किसी को प्रार्थना करने से अच्छा महसूस होता है, तो उन्हें इससे कोई परेशानी नहीं है।
जावेद अख्तर की पहली शादी से हैं दो बच्चे
जावेद अख्तर की पहली शादी पटकथा लेखिका हनी ईरानी से 1972 में हुई थी। उनके दो बच्चे हैं-फिल्मकार जोया अख्तर और अभिनेता-फिल्मकार फरहान अख्तर। दोनों अलग हो गए थे और 1985 में उनका तलाक आधिकारिक रूप से पूरा हुआ। जावेद अख्तर ने 1984 में शबाना आजमी से शादी की थी।
यह भी पढ़ें: 'मेरे पास दूसरा विकल्प नहीं', राधिका आप्टे ने क्यों कही ये बात?