नई दिल्ली/मुंबई: उत्तराखंड के एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में गायक दलेर मेहंदी के प्रदर्शन को लेकर शुरू हुए विवाद में अभिनेता राजपाल यादव उनके समर्थन में उतर आए हैं। उन्होंने कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की टिप्पणी को अनुचित बताते हुए कहा कि उच्च पदों पर बैठे लोगों को कलाकारों के प्रति सम्मानजनक भाषा का इस्तेमाल करना चाहिए।
राजपाल यादव ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा कर इस मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कला को खरीदा नहीं जा सकता और कलाकारों की मेहनत तथा उनकी कला का सम्मान किया जाना चाहिए।
‘कला जीवन है और जीवन सम्मान का हकदार है’
राजपाल यादव ने कहा कि एक कलाकार के रूप में उन्हें दलेर मेहंदी के खिलाफ इस्तेमाल की गई भाषा और कथित अपमानजनक टिप्पणियां उचित नहीं लगीं। उनके मुताबिक, किसी भी कलाकार की कला और उसके योगदान का सम्मान होना चाहिए, खासकर जब वह अपनी आवाज से कई पीढ़ियों को प्रभावित कर चुका हो।
दलेर मेहंदी की सेहत का भी किया जिक्र
अभिनेता ने दलेर मेहंदी का बचाव करते हुए कहा कि गायक शराब का सेवन नहीं करते। उन्होंने बताया कि वह दलेर मेहंदी को व्यक्तिगत रूप से जानते हैं और फिल्म वेलकम टू द जंगल में उनके साथ काम कर चुके हैं। राजपाल यादव के अनुसार, गायक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से भी जूझ रहे हैं और उनके ठीक होने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सत्ता और पद आते-जाते रहते हैं, लेकिन कला का स्थान हमेशा ऊंचा रहता है और कलाकारों को सम्मान मिलना चाहिए।
क्या है पूरा विवाद?
यह विवाद रविवार को नई टिहरी में आयोजित सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में दलेर मेहंदी की प्रस्तुति के दौरान शुरू हुआ। कार्यक्रम के बीच मंत्री सुबोध उनियाल ने गायक के प्रदर्शन पर सवाल उठाए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने दलेर मेहंदी के नशे में होने और ठीक से गाना नहीं गा पाने के आरोप लगाए। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
मंत्री ने लाइव गायन के बजाय लिप-सिंक का लगाया आरोप
सुबोध उनियाल ने कहा कि उन्होंने गायक से इसलिए सवाल किया, क्योंकि उन्हें लगा कि दलेर मेहंदी लाइव गाने के बजाय लिप-सिंक कर रहे थे। मंत्री ने यह भी दावा किया कि प्रस्तुति के लिए गायक को 35 लाख रुपये दिए गए थे और वह कार्यक्रम के संचालन के तरीके से संतुष्ट नहीं थे।
इस विवाद के बाद गायक मीका सिंह और बादशाह समेत कई कलाकार भी दलेर मेहंदी के समर्थन में सामने आए हैं।
यह भी पढ़ें: ‘गजब रात’ में महिला आयोग की अधिकारी बनीं श्रद्धा दास, मनोज बाजपेयी के साथ काम करने का अनुभव किया साझा