नई दिल्ली: कभी करोड़ों युवाओं के बीच पढ़ाई का बड़ा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म बनी Unacademy एक बार फिर सुर्खियों में है। कंपनी अब upGrad के साथ करीब 200 मिलियन डॉलर की डील को लेकर चर्चा में है। दिलचस्प बात यह है कि कुछ साल पहले Unacademy की वैल्यूएशन करीब 3.44 अरब डॉलर तक पहुंच गई थी। कंपनी की मौजूदा डील और पुरानी वैल्यूएशन के बीच के बड़े अंतर पर कॉमेडियन समय रैना ने गौरव मुंजाल की चुटकी ले ली।

3.44 अरब डॉलर से 200 मिलियन डॉलर तक का सफर
Unacademy की शुरुआत एक छोटे ऑनलाइन शिक्षा मंच के तौर पर हुई थी, लेकिन कुछ ही वर्षों में यह देश के बड़े एडटेक स्टार्टअप्स में शामिल हो गई। कंपनी की वैल्यूएशन अपने चरम पर करीब 3.44 अरब डॉलर पहुंच गई थी। अब upGrad के साथ करीब 200 मिलियन डॉलर की डील ने कंपनी के सफर में एक बड़ा मोड़ ला दिया है। यानी मौजूदा सौदे की कीमत उसकी पीक वैल्यूएशन से 90 फीसदी से भी ज्यादा कम है।

समय रैना ने कैसे ली चुटकी?
Unacademy की upGrad के साथ डील की खबर सामने आने के बाद समय रैना ने सोशल मीडिया पर गौरव मुंजाल को लेकर मजेदार टिप्पणी की। उन्होंने कंपनी की मौजूदा डील को उसकी पुरानी वैल्यूएशन से जोड़ते हुए कहा कि अगर कंपनी को पहले ही बेच दिया जाता तो शायद ज्यादा रकम मिलती। समय की यह पोस्ट देखते ही देखते चर्चा में आ गई। सोशल मीडिया यूजर्स ने भी दोनों के बीच हुई इस मजेदार बातचीत पर खूब प्रतिक्रियाएं दीं।

मुंजाल ने भी नहीं छोड़ा मौका
समय रैना के तंज पर गौरव मुंजाल ने भी गंभीर जवाब देने के बजाय उसी अंदाज में पलटवार किया। उन्होंने लिखा, “Who needs enemies when you have such friends”, जिसका मतलब है- ‘जब ऐसे दोस्त हों तो दुश्मनों की क्या जरूरत।’ मुंजाल का यह जवाब भी सोशल मीडिया पर लोगों को काफी पसंद आया। दोनों की बातचीत ने करोड़ों की डील को एक मजेदार सोशल मीडिया मोमेंट में बदल दिया।

अब upGrad के साथ आगे बढ़ेगी कंपनी
इस डील के बाद Unacademy अब upGrad के साथ मिलकर आगे का कारोबार करेगी। यह अधिग्रहण upGrad के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे उसे परीक्षा तैयारी और ऑनलाइन शिक्षा के क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने का मौका मिलेगा। Unacademy की वैल्यूएशन में आई भारी गिरावट भले ही चर्चा का विषय बनी हुई है, लेकिन कंपनी का कारोबार खत्म नहीं हुआ है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि upGrad के साथ नई पारी में Unacademy किस तरह वापसी करती है।

यह भी पढ़ें: वैष्णव के प्रमोशन से गडकरी के विभाग तक, 17 नए चेहरों पर नजर! मोदी सरकार में होगा बड़ा बदलाव