Gwyneth Paltrow The Apology Series: ऑस्कर विजेता अभिनेत्री ग्वेनेथ पाल्ट्रो जल्द ही नेटफ्लिक्स की नई ड्रामा सीरीज ‘द अपोलॉजी’ (The Apology) में मुख्य भूमिका निभाती नजर आएंगी। यह उनके करियर की पहली ऐसी टेलीविजन सीरीज होगी, जिसमें वह लीड रोल में हैं। Variety की रिपोर्ट के मुताबिक, नेटफ्लिक्स ने इस सीरीज को दो सीजन के लिए मंजूरी दी है। इसकी कहानी एक मां के इर्द-गिर्द घूमती है, जो 18 साल पहले अपने बेटे की हत्या के मामले में न्याय की उम्मीद करती है।
‘The Apology’ में किस किरदार में नजर आएंगी ग्वेनेथ पाल्ट्रो?
ग्वेनेथ पाल्ट्रो सीरीज में एवलिन एम्सपोकर का किरदार निभाएंगी। एवलिन के बेटे की 18 साल पहले हत्या कर दी गई थी। यह एक ऐसा अनसुलझा मामला था, जिसने पूरे देश का ध्यान खींचा था।
कहानी में तब नया मोड़ आता है, जब अचानक एक अजनबी सामने आकर हत्या की बात कबूल कर लेता है। इससे एवलिन और उनके पति कालेब को न्याय मिलने की उम्मीद दिखाई देती है। लेकिन जल्द ही उन्हें पता चलता है कि आरोपी को कम सजा मिल सकती है।
इस सच्चाई का सामना करने के बाद एवलिन और कालेब खुद ही मामले को अपने हाथों में लेने का फैसला करते हैं। कहानी आगे किस दिशा में जाती है, यह सीरीज के सस्पेंस और ड्रामे का अहम हिस्सा होगा।
जो मर्टाग और थॉमस विंटरबर्ग संभालेंगे कमान
‘द अपोलॉजी’ को जो मर्टाग ने बनाया है। वह इस प्रोजेक्ट में शो रनर और लेखक की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। सीरीज का निर्देशन थॉमस विंटरबर्ग करेंगे।
जो हिप्स, जो मर्टाग, थॉमस विंटरबर्ग और ग्वेनेथ पाल्ट्रो के साथ कार्यकारी निर्माता के रूप में जुड़े हैं। नेटफ्लिक्स की ओर से इस प्रोजेक्ट को दो सीजन की मंजूरी मिलना इसकी अहमियत को दर्शाता है।
फिल्मों में शानदार रहा है ग्वेनेथ पाल्ट्रो का करियर
ग्वेनेथ पाल्ट्रो हॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्रियों में शामिल हैं। उन्होंने ‘Emma’, ‘Sliding Doors’ और ‘Shakespeare in Love’ जैसी फिल्मों में काम किया है। इसके अलावा वह मार्वल की ‘Iron Man’ फ्रेंचाइजी में पेपर पॉट्स के किरदार के लिए भी मशहूर हैं। वह हाल ही में ‘Marty Supreme’ से भी जुड़ी रही हैं।
फिल्मों में सफलता के बावजूद टेलीविजन पर उनका करियर अपेक्षाकृत सीमित रहा है। उन्होंने ‘Glee’ में हॉली हॉलिडे का किरदार निभाया था और नेटफ्लिक्स की सीरीज ‘The Politician’ में सहायक भूमिका में नजर आई थीं। हालांकि, अब तक उन्होंने किसी टेलीविजन सीरीज में मुख्य भूमिका नहीं निभाई थी।
Netflix में बड़े बदलावों के बीच मिली सीरीज को मंजूरी
‘The Apology’ को दो सीजन की मंजूरी ऐसे समय मिली है, जब नेटफ्लिक्स में बड़े संगठनात्मक बदलावों की खबरें सामने आई हैं। Variety की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ने अपने कर्मचारियों की संख्या में छह प्रतिशत कटौती की घोषणा की थी।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि कंपनी की चीफ कंटेंट ऑफिसर बेला बजरिया को पद से हटाया गया और उनकी जगह पीटर राइस ने जिम्मेदारी संभाली। वहीं, फिल्म विभाग के प्रमुख डैन लिन ने भी कंपनी छोड़ दी।
इन बदलावों के बीच अमेरिकी और कनाडाई स्क्रिप्टेड सीरीज की जिम्मेदारी संभालने वाली जिन्नी होवे अपने पद पर बनी हुई हैं।
फिलहाल ‘The Apology’ की रिलीज डेट और दोनों सीजन के प्रीमियर शेड्यूल की जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन ग्वेनेथ पाल्ट्रो की पहली लीड टेलीविजन भूमिका और कहानी के सस्पेंस ने इस प्रोजेक्ट को चर्चा में ला दिया है।
यह भी पढ़ें: अनुराग कश्यप और वासन बाला पेश करेंगे ‘Aakhri Ride’, 31 अक्टूबर को YouTube पर होगी रिलीज