मुंबई: महादशमी के मौके पर मुंबई में मां दुर्गा को विदाई देने के लिए बॉलीवुड सितारों का नॉर्थ बॉम्बे दुर्गा पूजा पंडाल पहुंचने का सिलसिला जारी है। बुधवार को अभिनेत्री काजोल की बेटी न्यासा देवगन भी मां दुर्गा का आशीर्वाद लेने पंडाल पहुंचीं। इस दौरान उनका पारंपरिक अंदाज देखने को मिला।

न्यासा देवगन लाल रंग के खूबसूरत सूट में नजर आईं। पंडाल में उन्होंने अपने परिवार के सदस्यों और करीबियों के साथ समय बिताया। इस दौरान वह अपनी मौसी और अभिनेत्री तनीषा मुखर्जी के साथ बातचीत करती भी दिखाई दीं। न्यासा की तस्वीरें सामने आने के बाद उनका ट्रेडिशनल लुक चर्चा में आ गया।

लाल सूट में दिखीं अनन्या बिड़ला

नॉर्थ बॉम्बे दुर्गा पूजा पंडाल में बिजनेसवुमन अनन्या बिड़ला भी पहुंचीं। उन्होंने भी लाल रंग का आकर्षक सूट पहना था। इसके अलावा अभिनेत्री सुमोना चक्रवर्ती और ऋषिता भट्ट ने भी पंडाल में पहुंचकर उत्सव में हिस्सा लिया।

रणबीर कपूर का गाना गाते हुए वीडियो हुआ था वायरल

इससे पहले अभिनेता रणबीर कपूर भी नॉर्थ बॉम्बे सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में मां दुर्गा का आशीर्वाद लेने पहुंचे थे। इस दौरान वह लाल और सुनहरे रंग के कुर्ते के साथ सफेद पायजामा पहने नजर आए। रणबीर ने पंडाल में मौजूद लोगों का अभिवादन किया और तस्वीरें भी खिंचवाईं। यहां उनकी मुलाकात फिल्ममेकर अयान मुखर्जी से भी हुई।

हालांकि, रणबीर का गायिका हर्षदीप कौर के साथ गाना गाने वाला पल सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया था। वायरल वीडियो में हर्षदीप को 'कबीरा' गाते हुए देखा गया, जिसमें रणबीर कपूर भी उनके साथ सुर मिलाते नजर आए। उन्होंने माइक दर्शकों की ओर करके उन्हें भी गाने में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया।

क्या है महादशमी का महत्व?

दुर्गा पूजा को दुर्गोत्सव और शारदीय उत्सव के नाम से भी जाना जाता है। यह त्योहार मां दुर्गा की महिषासुर पर विजय का प्रतीक है। महादशमी के दिन भक्त मां दुर्गा को विदाई देते हैं और सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। इस अवसर पर देश के अलग-अलग हिस्सों में धार्मिक आयोजन किए जाते हैं, जिनमें बॉलीवुड की कई हस्तियां भी शामिल होती हैं।

यह भी पढ़ें:  दीपिका और रणवीर की दूसरी बेटी का नाम देवी, दशहरे पर साझा की परिवार की तस्वीर