kareena kapoor: बॉलीवुड की सबसे पसंदीदा जोड़ियों में शामिल सैफ अली खान और करीना कपूर खान की लव स्टोरी आज भी फैंस के बीच चर्चा का विषय बनी रहती है। शादी के 14 साल बाद भी दोनों के बीच प्यार और रोमांस की झलक अक्सर देखने को मिलती है। कभी उनकी रोमांटिक छुट्टियों की तस्वीरें, तो कभी बेटों तैमूर और जेह के साथ बिताए खूबसूरत पल, यह कपल हमेशा सुर्खियों में रहता है। अब अपनी शादी की सालगिरह के मौके पर करीना ने अपनी लव स्टोरी से जुड़ा एक दिलचस्प खुलासा किया है।

तीन बार प्रपोज़ करने के बाद करीना ने कहा 'हां'

'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' में पहुंचीं करीना कपूर ने बताया कि सैफ अली खान ने उन्हें शादी के लिए एक नहीं, बल्कि तीन बार प्रपोज़ किया था। सैफ ने मुंबई, ग्रीस और पेरिस में करीना के सामने अपने दिल की बात रखी। आखिरकार पेरिस में करीना ने उनके शादी के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया।

 
 
 
View this post on Instagram
 
 
 

A post shared by Kareena Kapoor Khan (@kareenakapoorkhan)

करीना ने शो में बताया, 'उसने मुझे मुंबई में प्रपोज़ किया, उसने मुझे ग्रीस में प्रपोज किया और उसने मुझे पेरिस में प्रपोज किया। तब जाकर मैंने आखिरकार हां कहा।' करीना की इस बात पर सैफ ने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया, 'अगर तुमने मुंबई में ही हां कह दिया होता, तो मैं बहुत सारे पैसे बचा लेता।” सैफ की इस टिप्पणी ने वहां मौजूद लोगों को खूब हंसाया।

'टशन' के सेट पर शुरू हुई थी प्रेम कहानी

सैफ और करीना की प्रेम कहानी साल 2007 में फिल्म 'टशन' की शूटिंग के दौरान शुरू हुई थी। एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने 16 अक्टूबर 2012 को मुंबई में एक निजी समारोह में शादी कर ली। इसके बाद उनके परिवार में दो बेटों, तैमूर और जेह, का आगमन हुआ।

सालगिरह पर एक-दूसरे के लिए खास संदेश

अपनी 14वीं वेडिंग एनिवर्सरी पर करीना ने इंस्टाग्राम पर सैफ के साथ कई पुरानी तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने कैप्शन में लिखा, “सूरज के चारों ओर एक और साल… हमेशा के लिए।” इस पर सैफ ने जवाब दिया, 'मुझे हैरानी है कि चांद इस सब के बारे में क्या सोचता होगा… हैप्पी एनिवर्सरी, लव!!!'

दोनों 'ओमकारा', 'एजेंट विनोद', 'कुर्बान' और 'टशन' जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। उनकी केमिस्ट्री और एक-दूसरे के प्रति प्यार आज भी फैंस के दिलों में खास जगह बनाए हुए है।

ये भी पढ़ें: अक्षय कुमार और राशि खन्ना मसूरी में आए नजर, अपकमिंग फिल्म की शूटिंग हुई शुरू!