साउथ सिनेमा के सुपरस्टार रजनीकांत एक बार फिर अपनी फिल्म 'जेलर 2' को लेकर सुर्खियों में हैं। नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बनी इस एक्शन एंटरटेनर को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म में रजनीकांत एक बार फिर टाइगर मुथुवेल पांडियन के दमदार किरदार में नजर आ रहे हैं। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की कमाई के साथ-साथ इसके क्लाइमैक्स ने भी दर्शकों के बीच 'जेलर 3' को लेकर चर्चाएं तेज कर दी हैं।
पहले दिन 'जेलर 2' ने की शानदार कमाई
सैकनिल्क के शुरुआती अनुमानों के मुताबिक, 'जेलर 2' ने रिलीज के पहले दिन दुनियाभर में 125.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जबकि भारत में फिल्म की नेट कमाई 59.70 करोड़ रुपये बताई गई। फिल्म की शानदार शुरुआत ने एक बार फिर रजनीकांत की लोकप्रियता साबित कर दी है। दर्शक उनके एक्शन और दमदार अंदाज को खूब पसंद कर रहे हैं।
क्या 'जेलर 2' के अंत में छिपा है तीसरे पार्ट का संकेत?
फिल्म की कहानी में टाइगर मुथुवेल पांडियन का सामना कल्पक परिवार से होता है। क्लाइमैक्स में टाइगर और कल्पक के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिलता है। इस दौरान कल्पक अपनी व्हीलचेयर से जुड़े बम को सक्रिय कर देता है, जिसमें उसकी मौत हो जाती है। हालांकि, टाइगर बच जाता है, जबकि कंथा घायल हो जाती है और बोधि भी जीवित बच निकलता है। फिल्म के अंत में कंथा का दोबारा व्हीलचेयर पर दिखाई देना और कहानी के कुछ अहम पहलुओं का अधूरा रहना सीक्वल की संभावनाओं को बढ़ाता है।
विजय सेतुपति के कैमियो ने बढ़ाया सस्पेंस
कहानी के आखिरी हिस्से में टाइगर अपने बेटे अर्जुन की हत्या के आरोप में आत्मसमर्पण कर देता है। इसी दौरान विजय सेतुपति सरप्राइज कैमियो में नजर आते हैं और टाइगर को फोन देकर कंथा के 'गुड मॉर्निंग' मैसेज का जवाब देने के लिए कहते हैं। यह सीन कहानी में एक नया मोड़ जोड़ता है और भविष्य की कहानी के लिए संभावनाएं खोलता है।
क्या आधिकारिक तौर पर कन्फर्म हुई 'जेलर 3'?
फिलहाल, मेकर्स ने 'जेलर 3' की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। हालांकि, फिल्म का क्लाइमैक्स और अनसुलझे सवाल तीसरे पार्ट की उम्मीद जरूर जगाते हैं। अब देखना होगा कि रजनीकांत और नेल्सन दिलीपकुमार इस फ्रेंचाइजी को आगे बढ़ाने का फैसला करते हैं या नहीं। तब तक फैंस को आधिकारिक ऐलान का इंतजार करना होगा।
ये भी पढ़ें: प्रियंका चोपड़ा जोनस को मिला 'Woman of Impact' सम्मान, हॉलीवुड में बढ़ाया महिलाओं का मान!