बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर अब एक स्वीडिश-बेल्जियन फिल्म में नजर आने वाले हैं। फिल्म का नाम ‘Out of Fashion’ है और इसका निर्देशन चर्चित फिल्ममेकर जेंस जॉनसन कर रहे हैं। फिल्म की शूटिंग इसी सप्ताह शुरू हो गई है। इस प्रोजेक्ट में अनुपम खेर के साथ कई इंटरनेशनल कलाकार भी नजर आएंगे। फिल्म को 2028 में सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी है।
फिल्म के शुरू होने की जानकारी निर्माता सिरी ह्योर्टन वैगनर ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर साझा की। उन्होंने फिल्म के कलाकारों और निर्माण से जुड़ी जानकारी देते हुए बताया कि इसकी शूटिंग शुरू हो चुकी है। यह एक फील-गुड फीचर फिल्म है, जिसकी कहानी सुनील मुंशी ने लिखी है।
इन कलाकारों के साथ नजर आएंगे अनुपम खेर
‘Out of Fashion’ में अनुपम खेर के अलावा सुनील मुंशी, हेलेना बर्गस्ट्रॉम, बहार पार्स, क्रिस्टा कोसोनेन और एस्ट्रिड व्हेटनॉल भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म की कहानी और कलाकारों को लेकर अभी सीमित जानकारी सामने आई है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय कलाकारों की मौजूदगी इसे खास बनाती है। फिल्म का निर्देशन जेंस जॉनसन कर रहे हैं। निर्माता सिरी ह्योर्टन वैगनर और जूलिया गेबर की कंपनियां इस प्रोजेक्ट से जुड़ी हैं। फिल्म का निर्माण स्वीडन और बेल्जियम की कंपनियों के सहयोग से किया जा रहा है।
2028 में रिलीज होगी फिल्म
‘Out of Fashion’ एक स्वीडिश-बेल्जियन प्रोडक्शन है। इसके निर्माण में Way Feature Films और [Sic] Film प्रमुख रूप से शामिल हैं। इनके साथ Beside Productions, Film Stockholm, SVT, Film i Skåne और Scanbox Entertainment भी सह-निर्माण में जुड़े हैं। फिल्म को स्वीडिश फिल्म इंस्टीट्यूट और बेल्जियन टैक्स शेल्टर का समर्थन मिला है। नॉर्डिक देशों में फिल्म के वितरण की जिम्मेदारी Scanbox Entertainment संभालेगा। फिलहाल फिल्म की रिलीज के लिए 2028 का समय तय किया गया है।
हॉलीवुड फिल्मों में भी काम कर चुके हैं अनुपम खेर
अनुपम खेर अपने लंबे फिल्मी करियर में भारतीय सिनेमा के साथ कई अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स में भी काम कर चुके हैं। वह ‘Bend It Like Beckham’, ‘Lust, Caution’ और ‘Silver Linings Playbook’ जैसी फिल्मों का हिस्सा रहे हैं। इसके अलावा अनुपम खेर आगामी फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ में जटायु के किरदार को अपनी आवाज देते नजर आएंगे। रणबीर कपूर अभिनीत यह फिल्म 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इस तरह अनुपम खेर के पास भारतीय सिनेमा के साथ अंतरराष्ट्रीय फिल्मों से जुड़े प्रोजेक्ट भी हैं।
यह भी पढ़ें:‘स्टे सेक्सी एंड फैब्युलस’, मलाइका अरोड़ा के बर्थडे पर करीना कपूर का खास मैसेज; फराह ने भी जमकर लुटाया प्यार