Malaika Arora Birthday: बॉलीवुड अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा शुक्रवार को अपना जन्मदिन मना रही हैं। इस खास मौके पर फिल्म इंडस्ट्री के उनके करीबी दोस्तों ने सोशल मीडिया पर उन्हें शुभकामनाएं दीं। करीना कपूर खान से लेकर फिल्ममेकर फराह खान तक ने मलाइका के लिए प्यार भरे संदेश साझा किए। वहीं, उनकी बहन अमृता अरोड़ा ने एक खास कविता लिखकर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।
करीना कपूर ने मलाइका के लिए लिखा खास मैसेज
करीना कपूर खान ने सोशल मीडिया पर मलाइका अरोड़ा के साथ अपनी एक खूबसूरत तस्वीर शेयर की। इसके साथ उन्होंने लिखा, 'हैप्पी बर्थडे डार्लिंग मल्ला। हमेशा सेक्सी और शानदार बनी रहो। तुम्हें ढेर सारा प्यार और एक बड़ी-सी झप्पी।' करीना के इस मैसेज ने दोनों की दोस्ती की झलक दिखाई। मलाइका को करीबी दोस्त प्यार से ‘मल्ला’ कहकर बुलाते हैं।
बहन अमृता अरोड़ा ने कविता लिखकर दी बधाई
मलाइका की बहन अमृता अरोड़ा ने भी जन्मदिन के मौके पर उनके लिए एक खास कविता लिखी। उन्होंने अपनी पोस्ट में बचपन की नोकझोंक, कपड़ों को लेकर होने वाली बहस और मुश्किल वक्त में एक-दूसरे का साथ देने जैसे पलों को याद किया। अमृता ने मजाकिया अंदाज में मलाइका को अपना असली रूप दिखाने वाली ‘ग्रेमलिन’ भी कहा। उन्होंने लिखा कि दोनों ने साथ में कई उतार-चढ़ाव देखे और इन अनुभवों ने उनके रिश्ते को और मजबूत बनाया। बहन की कविता पर मलाइका ने खुशी जताते हुए लिखा, 'आखिरकार मुझे मेरी कविता मिल गई। मुझे यह बहुत पसंद आई।'
फराह खान ने शेयर किया डांस वीडियो
फिल्ममेकर फराह खान ने भी मलाइका को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने एक पार्टी का मजेदार वीडियो साझा किया, जिसमें मलाइका डांस करती नजर आ रही हैं। फराह ने अपने संदेश में मलाइका को प्यार से ‘कमीनी’ कहते हुए जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों आगे भी इसी तरह साथ में डांस और पार्टी करती रहेंगी।
डांस से फिटनेस तक, मलाइका की अलग पहचान
मलाइका अरोड़ा बॉलीवुड में अपने डांस परफॉर्मेंस, मॉडलिंग और फिटनेस के लिए जानी जाती हैं। फिल्म ‘दिल से’ के गाने ‘छैंया छैंया’ और ‘दबंग’ के गाने ‘मुन्नी बदनाम हुई’ में उनके डांस को काफी लोकप्रियता मिली। इसके अलावा मलाइका कई रियलिटी शो में जज की भूमिका निभा चुकी हैं। इनमें ‘इंडियाज बेस्ट डांसर’, ‘इंडियाज गॉट टैलेंट’ और ‘झलक दिखला जा’ जैसे शो शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को दिल्ली पुलिस की हरी झंडी, JLN स्टेडियम में आयोजन का रास्ता साफ