NEET-PG 2026: नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने रविवार को देशभर में NEET-PG 2026 परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित कराई। परीक्षा के लिए देशभर में कड़े सुरक्षा इंतजाम, रियल-टाइम निगरानी और व्यापक तकनीकी व लॉजिस्टिक व्यवस्था की गई थी। इस साल परीक्षा के लिए 2,73,096 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। परीक्षा का आयोजन देशभर के 339 शहरों में 1,111 परीक्षा केंद्रों पर किया गया। इनमें सभी 36 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश शामिल रहे। कुल 2,65,980 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि करीब 2,63,535 अभ्यर्थियों की परीक्षा सफलतापूर्वक पूरी हुई।

2,527 फैकल्टी बने स्वतंत्र निरीक्षक

परीक्षा को पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से कराने के लिए 2,527 फैकल्टी सदस्यों को Independent Appraiser नियुक्त किया गया था। इसके अलावा 700 से अधिक वरिष्ठ फैकल्टी, जिनमें डीन, निदेशक, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट और वरिष्ठ प्रोफेसर शामिल थे, उन्हें Flying Squad के तौर पर तैनात किया गया। देशभर में निगरानी और समन्वय के लिए 16 NBEMS Regional Command Centres भी सक्रिय किए गए। सभी परीक्षा केंद्रों को लाइव CCTV निगरानी से जोड़ा गया, जिसकी निगरानी द्वारका स्थित NBEMS मुख्यालय के कमांड सेंटर से की गई।

आधार से हुआ अभ्यर्थियों का सत्यापन
परीक्षा में नकल और फर्जी अभ्यर्थियों को रोकने के लिए केंद्रों पर आधार आधारित ऑथेंटिकेशन भी किया गया। NBEMS और TCS के 190 कर्मचारियों की टीम ने रियल-टाइम निगरानी की। NBEMS मुख्यालय में बनाए गए कमांड सेंटर में NBEMS, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, BEL, ECIL और TCS के अधिकारियों ने पूरे दिन परीक्षा प्रक्रिया पर लगातार नजर रखी।

जयपुर में बिजली की समस्या से 2,445 अभ्यर्थियों की परीक्षा प्रभावित
देशभर में परीक्षा लगभग सफलतापूर्वक पूरी होने के बीच राजस्थान के जयपुर स्थित iON Digital Zone iDZ Sitapura के दो परीक्षा केंद्रों (TC नंबर 41682 और 41683) पर तकनीकी समस्या सामने आई। आंतरिक बिजली आपूर्ति में परेशानी के कारण यहां 2,445 अभ्यर्थियों की परीक्षा पूरी नहीं हो सकी।

NBEMS ने प्रभावित अभ्यर्थियों को हुई असुविधा पर खेद जताया है। बोर्ड ने कहा कि सभी अभ्यर्थियों को समान और निष्पक्ष अवसर देने के लिए इन 2,445 उम्मीदवारों की परीक्षा 5 सितंबर 2026, शनिवार को दोपहर 3 बजे जयपुर में दोबारा आयोजित की जाएगी। NBEMS ने परीक्षा के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले अभ्यर्थियों, मेडिकल संस्थानों, फैकल्टी, सुरक्षा एजेंसियों, तकनीकी टीमों और अन्य सभी संबंधित अधिकारियों का आभार जताया। 

और पढ़ें: 

NEET-PG 2026: परीक्षा के दौरान Power Cut से मचा हंगामा, अब 5 सितंबर को दोबारा एग्जाम